अस्पतालों की बदहाली पर फू टा जन संघर्ष मोर्चा का गुस्सा

0
201

विकासनगर/देहरादून(संवाददाता)। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गिरती हालत और अस्पतालों में मौतों के सिलसिले पर जन संघर्ष मोर्चा का अस्पतालों की बदहाली पर गुस्सा फूट गया और मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर तीखा हमला बोला है।
यहां पत्रकारों से बातचीत में नेगी ने कहा कि राज्य के अस्पताल राम भरोसे चल रहे हैं, स्वास्थ्य मंत्री मस्त हैं और जनता त्रस्त है और लगातार हो रही मौतों, इलाज की कमी, लापरवाही और बदइंतजामी ने आम जनता को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि लेकिन, इसके बावजूद स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी और उदासीनता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस अवसर पर नेगी ने बताया कि बीते कुछ ही दिनों में दो गर्भवती महिलाओं की मौत, एक फौजी के बेटे की इलाज के अभाव में मौत, और ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें लोगों को समुचित इलाज नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि यह तो वह घटनाएं हैं जो समाचारों की सुर्खियां बनीं, जबकि ऐसे अनगिनत मामले दबा दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि क्या इन मौतों का जिम्मेदार कोई नहीं है।
नेगी ने कहा है कि प्रदेश के कई बड़े अस्पतालों की हालत यह हो गई है कि वे इलाज के नाम पर खुले लूटपाट के केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मरीज घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई जैसी जांचें कराने में जान पर बन आती है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के नाम पर भी आम मरीज को बगैर सिफारिश आईसीयू या वेंटिलेटर नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है, इलाज की बात तो दूर की कौड़ी बन गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री जनता से मुंह मोड़ चुके हैं। इस अवसर पर मोर्चा के अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग क्यों नहीं हो रही है और अस्पतालों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर क्यों नहीं बढ़ाया जा रहा है और डॉक्टरों और स्टाफ की जवाबदेही तय क्यों नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री संगठन की राजनीति और व्यक्तिगत प्रचार में व्यस्त हैं, पर मरीजों की मौत उनके एजेंडे में नहीं है। नेगी ने तीखे लहजे में कहा कि यदि शीघ्र ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो मोर्चा प्रदेशव्यापी जनांदोलन छेड़ेगा और स्वास्थ्य मंत्री का जीना हराम कर देगा। उन्होंने कहा कि अब केवल ज्ञापन और बयानबाजी नहीं, मोर्चा दो-दो हाथ करेगा। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रवीण शर्मा पिन्नी एवं भीम सिंह बिष्ट भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY