देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री ने एक बडे विजन के साथ राज्य के अन्दर ऐसी फिल्म नीति तैयार की है जिसे देखकर बडे-बडे फिल्म निर्माता और कलाकार उत्तराखण्ड की वादियों में फिल्म बनाने के लिए तेजी के साथ आगे बढ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को यह इल्म हो चुका है कि विदेशों में महंगी शूटिंग करने से बेहतर उत्तराखण्ड की वादियां हैं जो विदेश जैसी खूबसूरती बिखेर रही हैं। पिछले चार सालों के अन्दर उत्तराखण्ड़ में बडे-बडे फिल्म निर्माताओं ने उत्तराखण्ड में आकर फिल्मों का निर्माण किया और इन फिल्मों को जिस तरह से बडी प्रसिद्धि मिली तो वहीं उत्तराखण्ड की वादियों में दर्शाये गये फिल्मी दृश्यों को देखकर आवाम खूब आनंदित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि उत्तराखण्ड आज फिल्म निर्माण का पसंदीदा मार्ग बन गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में हिंदी फिल्म ‘5 सितम्बरÓ का पोस्टर लॉन्च किया। यह फिल्म पूर्णत: उत्तराखंड में फिल्माई गई है तथा राज्य की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय प्रतिभा को राष्ट्रीय पटल पर प्रदर्शित करने का सशक्त प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड फिल्म निर्माण का पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार फिल्म नीति के तहत हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है, ताकि अधिक से अधिक निर्मातादृनिर्देशक उत्तराखंड की धरती पर फिल्म निर्माण करें और राज्य के युवाओं को रोजगार और मंच प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की फिल्में न केवल उत्तराखंड की प्रतिभा को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि पर्यटन एवं सांस्कृतिक संवर्धन में भी सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने फिल्म निर्माण टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह फिल्म दर्शकों के मन को छूने में सफल होगी। इस अवसर पर फिल्म के डायरेक्टर कुनाल शमशेर मल्ला, कलाकार संजय मिश्रा, ब्रिजेंद्र काला, ऋषभ खन्ना, भुवन खन्ना और दीपराज राणा मौजूद थे।

