कोटद्वार/ देहरादून(संवाददाता)। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभावान बेटी, गाड़ीघाट निवासी कुमारी अनन्या रावत को विशेष रूप से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें कोटद्वार के एक प्वाइंट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि अनन्या ने मई 2०25 में श्रीलंका में आयोजित द्वितीय दक्षिण एशियाई सेस्तोबॉल चैम्पियनशिप में भारतीय महिला टीम में शामिल होकर देश, प्रदेश और विशेष रूप से कोटद्वार का नाम अंतर्राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि अनन्या वर्तमान में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 1०वीं की छात्रा हैं और इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करना प्रशंसनीय है। अनन्या पूर्व में भी विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा चुकी हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने अनन्या को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह इसी समर्पण और लगन के साथ आगे भी मेहनत करती रहें और देश-प्रदेश व कोटद्वार को गौरवांवित करें। साथ ही उन्होंने अनन्या के माता-पिता रेनुबाला रावत एवं धीरज सिंह रावत को भी इस सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

