संसार में शिवभक्त से बड़ा नहीं है कोई

0
114

रुद्रप्रयाग/ देहरादून(प्रमुख संवाददाता)। राज्यपाल ने बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पहुंचकर विशेष पूजा अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की। राज्यपाल ने उत्तराखंड के निरंतर विकास और नागरिकों की खुशहाली के लिए भी बाबा से आशीर्वाद लिया तो वहीं उन्होंने बद्रीनाथ धाम में पूजा अर्चना कर राज्य और देश की सुख समृद्धि की कामना की।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने प्रात: पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा संपूर्ण विश्व, मानवता एवं उत्तराखण्ड के सतत विकास के लिए बाबा से आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर राज्यपाल ने तीर्थ पुरोहित समाज से भी भेंट की, जिनके द्वारा पारंपरिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका स्वागत किया गया। उन्होंने इस अवसर को अत्यंत भावुक और आध्यात्मिक बताते हुए पुरोहित समाज के योगदान को सराहा। पूजा संपन्न होने के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में एकत्र श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और ‘बोलो बाबा केदारनाथ की जयÓ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि शिवभक्त से बड़ा इस संसार में कोई नहीं है। केदारघाटी के कण-कण में भगवान शिव का वास है। यहां के पर्वतों में भगवान शिव की छवि स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर होती है। इस दिव्य भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान राज्यपाल ने यात्रा मार्ग पर चिकित्सा व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं अन्य जन सुविधाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और मंदिर समिति के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में इन सभी विभागों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सभी पूरी निष्ठा से सेवा करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉक्टर सौरभ गहरवार और पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंड उपस्थित रहे।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) बद्रीनाथ धाम पहुंचे जहां उन्होंने भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा में प्रतिभाग किया। यहां उन्होंने देश और राज्य की सुख समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यहां पर उन्हें बहुत ही दिव्य अनुभव हुआ है और सभी के चेहरे में एक अलग ही प्रसन्नता देखने को मिल रही है जिससे कि वह अभिभूत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह दोबारा यहां आना चाहेंगे और जिला प्रशासन से यह भी कहा कि आगे भी इसी तरह की व्यवस्थाएं व्यवस्थित रहे। राज्यपाल ने जिलाधिकारी संदीप तिवारी से धाम में चल रहे मास्टर प्लान की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने सिविक एनीमिटी सेंटर, सिविक कम्युनिटी बिल्डिंग, अराइवल प्लाजा की प्रगति पर संतोष जताया शेष नेत्र और बद्रीश झील का कार्य पूर्ण होने पर निर्देश दिए कि दोनों लेक की सफाई व्यवस्था सुचारू रखी जाए और आस्था पथ पर जितना लाइट इत्यादि का कार्य है उसे व्यवस्थित रखा जाए। राज्यपाल ने इसके अलावा हॉस्पिटल बिल्डिंग को अगस्त तक पूर्ण करके मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को अच्छी चिकित्सा सुविधा मिल सके। इस दौरान इसके अतिरिक्त राज्यपाल ने चार धाम व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन की प्रशंसा की और यह भी कहा कि यहां पर पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति का एक अच्छा समन्वय देखने को मिला।
उन्होंने इस कार्य में लगे सभी मंदिर समिति के सदस्य, पंडा, पुरोहित, पुलिस फोर्स और प्रशासन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को बधाई दी और पूरी यात्रा के लिए सभी को निर्देशित किया कि इसी तरह कार्य करते रहें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर विशिष्ट, बीकेटीसी के मुख्य कार्यधिकारी विजय थपलियाल, नगर पंचायत बद्रीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY