देहरादून बना खेल महाकुंभ का चैंपियन

0
6

खिलाड़ियों पर पुरस्कारों की बरसात
देवभूमि को खेलभूमि बनायेंगे धामी
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। खेल महाकुंभ-2026 में देहरादून जनपद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री चौंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। रविवार को ननूरखेड़ा स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने विजेता देहरादून जनपद को ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ अब खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से शुरू किया गया खेल महाकुंभ आज युवाओं के लिए बड़ा मंच बन चुका है। पिछले वर्ष करीब 2.20 लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 3.35 लाख से अधिक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 662 न्याय पंचायतों, सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों और संसदीय क्षेत्र स्तर से लेकर राज्य स्तर तक 32 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता खिलाड़ियों को लगभग 11.30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित नियमों के तहत सीधी भर्ती के पदों में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। लोहाघाट में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का संचालन शुरू हो चुका है। खेल विश्वविद्यालय और आधुनिक खेल अकादमियों की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। समापन समारोह में मलखंब और आर्टिस्टिक योग के आकर्षक प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया।

LEAVE A REPLY