रुद्रप्रयाग(संवाददाता)। रुद्रप्रयाग से देहरादून आ रही एक खडी ऑल्टो कार में हैंड ब्रेक न लगाने से वह खाई में जा गिरी जिससे उसमें सवार मां-बेटी की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब कार का चालक लघुशंका के लिए गाडी से बाहर आया और वह उसमें हैंडब्रेक लगाना भूल गया जिसके चलते यह हादसा हुआ और दो महिलाओं की मौत हो गई। हालांकि अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या ड्राईवर ने जो बात पुलिस को बताई है उस पर मृतकों के परिजन विश्वास करेंगे या नहीं।
मिली जानकारी के अनुसार जिला नियंत्रण कक्ष, रुद्रप्रयाग द्वारा एसडीआरएफ को सूचित किया गया कि खांकरा में एक कार लगभग 3०० मीटर खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है जिसमें राहत एवं बचाव कार्य हेतु एसडीआरएफ टीम की आवश्यकता है। इस सूचना के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने वहां बचाव व राहत के लिए ऑपरेशन चलाया।
एसडीआरएफ जब घटनास्थल पर पहुँची तो उसे पता चला कि आल्टो कार आई1० (यूके13-6341) में तीन लोग सवार थे जो देहरादून की तरफ आ रहे थे। खांकरा में वाहन चालक महेंद्र सिंह रावत लघुशंका हेतु बाहर निकला व हैंड ब्रेक लगाना भूल गया। हैंड ब्रेक न लगे होने व ढाल पर गाड़ी खड़े होने की वजह से वाहन अनियन्त्रित होकर लगभग 3०० मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कार में सवार दोनों महिलाओं की मौके पर ही मृत्यु हो गयी थी। एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में मृतक दोनो रुद्रप्रयाग निवासी महिलाओं लक्ष्मी देवी व कमला देवी को बाहर निकाला तो पता चला कि दोनो मां-बेटी थी।