सांसद व विधायक संतों की जमीनों को खुर्द बुर्द करने की शीघ्र हो जांच

0
238

देहरादून(नगर संवाददाता)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने कहा है कि भाजपा व राज्य सरकार लगातार लैंड जेहाद की बात करती आ रही है और इसका वह बार बार जिक्र कर रहे है लेकिन अखाडा परिषद हरिद्वार के संतों ने सांसद, पूर्व मंत्री व विधायक पर उनकी जमीनों को खुर्द बुर्द करने का आरोप लगाया है लेकिन आज तक सरकार व संगठन की ओर से किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यहां तक की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शिकायत करने के बाद भी स्थिति जस की तस है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से की जानी चाहिए।
यहां कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि लैंड जेहाद के मामले में भाजपा के छह सात बार के पार्षद अजय सिंघल ने छह बीघा भूमि कब्जे को लेकर नगर निगम से रिपोर्ट मांगी गई लेकिन उन्हें आज तक रिपोर्ट नहीं मिल पाई है और जब सूचना के अधिकार के तहत जानकारी हासिल की तो पाया गया कि इस कब्जा की गई भूमि में सिद्धार्थ एजुकेशन सोसाइटी के पास तीन बीघा भूमि है और जब इसके बेदखली की अपील की गई तो उस पर ठोस कार्यवाही नहीं की गई और न ही बेदखली की गई है।
उन्होंने कहा कि जब जन प्रतिनिधि की शिकायत पर राज्य सरकार, नगर निगम व भाजपा कोई ध्यान नहीं दे रही है तो आम जन का क्या हाल होगा। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से अखाडा परिषद हरिद्वार के संतों ने मौजूदा सांसद डाक्टर रमेश पोखरियाल निशंक व पूर्व मंत्री व विधायक मदन कौशिक पर परिषद की जमीनों को खुर्द बुर्द करने का आरोप लगाया है और अभी तक कांग्रेस सामने इसलिए नहीं आई की राज्य सरकार व भाजपा इस मामले पर कोई कार्यवाही करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस सामने आई है।
उन्होंने कहा कि संतों ने कई साधुओं के अपहरण करने का आरोप लगाया है और मोहनदास की गुमशुदगी प्रकरण की संत लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे तो पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपने कार्यकाल में एसआईटी के निर्देश दिये लेकिन आज तक एसआईटी भी इस ओर कोई पहल नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की सीबीआई जांच होनी चाहिए और आध्यात्मिक नगरी हरिद्वार में मठ मंदिरों की भूमि पर कब्जे किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि लैंड जेहाद का इससे बडा कोई और उदाहरण नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा लैंड जेहाद को वोट की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार डालनवाला थाने के समीप निगम की भूमि पर कब्जा किया गया और इसकी शिकायत बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजीव शर्मा बंटू ने की थी लेकिन उस पर किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की गई है बल्कि उस भूमि पर नगर निगम ने टैक्स ले लिया और जिससे उस भूमि पर व्यक्ति का कब्जा बरकरार रह सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रकरणों पर राज्य सरकार व भाजपा पूरी तरह से मौन है और उन्होंने कहा कि मठ मंदिरों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि केदारनाथ गर्भ गृह प्रकरण की गढ़वाल कमिश्नर की निगरानी में जांच कराये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब जानते है आखिरकार क्या होगा लेकिन जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है और केदारनाथ प्रकरण से उत्तराखंड का नाम देश दुनियां में बदनाम हुआ है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कौन वीआईपी था और आयोग के पूर्व अध्यक्ष एस राजू ने एक सफेदपोश का जिक्र किया था लेकिन राज्य सरकार व भाजपा ने आज तक उस पर कोई कार्यवाही नहीं की है। इस अवसर पर वार्ता में मथुरादत्त जोशी, गरिमा दसौनी, नवीन जोशी, डाक्टर जसविन्दर सिंह गोगी, अभिनव थापर, अमरजीत सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, राजेश चमोली आदि शामिल रहे।

LEAVE A REPLY