नौ साल में नौ सवालों का जवाब नहीं दे पाये प्रधानमंत्री: कांग्रेस

0
132

देहरादून(नगर संवाददाता)। अखिल भारतीय कंाग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद डॉक्टर एनी याग्निक ने कहा है कि केन्द्र सरकार के नौ साल में कांग्रेस ने नौ सवाल दागे थे और उनमें से किसी भी एक सवाल का जवाब प्रधानमंत्री ने नहीं दिया है और वह नौ साल से चुप्पी साधे हुए है और उन्होंने कहा कि अब तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुप्पी तोडऩी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के सवालों पर केन्द्र सरकार को लगातार घेरती रहेगी।
यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार सभी मोर्चो पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि देश में मंहगाई, गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार की घटनाएं इन नौ सालों में कई गुना बढी हैं। मोदी सरकार का दूसरा कार्यकाल भी जुमले भरा रहा है और विपक्षी नेताओं का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज तक जवाब नहीं दे पाये है और न ही संसद व न ही संसद के बाहर और वह अपने मित्र अडानी को लाभ पहुंचाने का लगातार काम कर रहे है।
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था, कृषि और किसान, भ्रष्टाचार, देश की सुरक्षा, सामाजिक सदभाव, महिला सुरक्षा, लोकतांत्रिक संस्थायें, जन कल्याण की योजनाओं एवं कोरोना मिस मैनेजमेंट पर प्रधानमंत्री किसी भी प्रकार का कोई जवाब नहीं दे रहे है और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इन सब सवालों पर जवाब देने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के नौ साल पूर्ण होने और अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियां जीरो रही हैं। उन्होंने कहा कि युवा, बेरोजगार, नौजवान, किसान, महिला, दलित, पिछड़ा सभी का उत्पीडऩ किया गया और अपने मित्र उद्योग पतियों का संरक्षण और पोषण किया गया जो इन सालों में अरबपति बन गये है और छठे पायदान से तीसरे पायदान पर आ गये है।
उन्होंने कहा कि इन नौ सालों में देश की अर्थ व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व तैयारी के आनन-फानन में नोट बंदी लागू करना, बिना सोच विचार के जीएसटी लागू करना, एमएसएमई में किसानों को गारंटी न देकर उनकी फसलें औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर करने का काम किया जा रहा है और बेरोजगारों की लाईन खडी हो गई है और दो करोड बेरोजगारों को प्रतिवर्ष रोजगार देने का वायदा हवा हवाई हो गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ ही साथ अन्य विपक्षी दलों के सवालों का केन्द्र सरकार व प्रधानमंत्री के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में हर रोज बढोत्तरी कर अपने व्यावसायिक मित्रों की जेबें भर रहे है। उन्होंने कहा कि अडानी की फर्जी कम्पनियों में जनता की गाडी कमाई का 2० हजार करोड़ रूपये झोंक कर फर्जी कम्पनी को संरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी व महंगाई अपने चरम पर है तथा आम आदमी दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन बेरोजगारों को रोजगार नहीं दिया जा रहा और न ही महंगाई को नियंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज देश की सीमायें सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चीन को लाल आंख दिखाने की बात करने वाले आज उनके सामने नतमस्तक होकर क्लीन चिट दे रहे हैं जबकि चीन आज भी हमारी जमीन पर कब्जा कर रहा है लेकिन देश के प्रधानमंत्री इस पर भी चुप्पी साधे हुए है।
उन्होंने कहा कि अपनी राजनैतिक महत्ताकांक्षा के लिए देश के अन्दर का सामाजिक सद्भाव बिगाड कर धु्रवीकरण कर बंटवारे की राजनीति को हवा देकर देश में डर का माहौल बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज देश में जातीय जनगणना की मांग उठ रही है और उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना नितांत आवश्यक है परन्तु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार इस पर मौन है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नौ सालों में विपक्षी दल के नेताओं को तंग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के चुने हुए प्रतिनिधियों के खिलाफ केन्द्रीय ऐजेंसियों का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट किया जा रहा है। केन्द्रीय एजेंसियों को कमजोर करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार में कोरोना महामारी में लगभग 4० लाख लोगों ने अपनी जान से हाथ धोये और उन्होंने कहा कि यही नहीं लाखों लाख लोगों को अचानक किये गये लॉकडाउन के कारण अपना रोजगार गंवाया तथा केन्द्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार संवेदनहीन बनी रही। कहा कि कुल मिलाकर मोदी सरकार के इस नौ साल के कार्यकाल में सरकार की उपलब्धियों के नाम पर हर प्रकार से देश की गरीब जनता का ही उत्पीडऩ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार प्रधानमंत्री परिवारवाद की बात करते है और गुजरात मॉडल नहीं बल्कि केवल मोदी मॉडल है। इस अवसर पर कांग्रेस ने नौ साल नौ सवाल पर रिपोर्ट कार्ड तैयार कर उसका विमोचन किया है। इस अवसर पर वार्ता में मथुरादत्त जोशी, गरिमा दसौनी, डाक्टर जसविन्दर सिंह गोगी, विकास नेगी, शीशपाल सिंह बिष्ट, अमरजीत सिंह, पूनम कंडारी आदि शामिल रहे।

LEAVE A REPLY