ऋषिकेश-देशभर के साथ देवभूमि ऋषिकेश में भी रविवार को मातृ दिवस मनाया गया। बच्चों ने अपनी मां को विभिन्न प्रकार के उपहार देकर उनसे आशीर्वाद लिया। वहीं शहर के विभिन्न बाजारों व प्रतिष्ठानों पर मातृ दिवस को लेकर भीड़ रही। बच्चे मां सहित परिवार के साथ सैर सपाटे पर निकले। बाजार में खरीदारी की और खान पान कर मस्ती की।
मातृ दिवस का नजारा तीर्थ नगरी में खूब देखने को मिला। हर किसी ने अपने ही अंदाज में मां के प्रति अपना प्रेम प्रकट किया। इसके चलते बाजारों में उपहार, ज्वेलर्स, क्लॉथ हाउस इत्यादि की दुकानों पर भीड़ रही। उपहार विक्रेता दुकानदार मुकेश ने बताया कि मातृ दिवस को लेकर तमाम तरह के उपहार की बाजार में खूब मांग रही।युवा व्यवसायी दुष्यंत सेठी ने इस अवसर पर बताया कि मां ही है जो दुनिया को पूर्णता प्रदान करती है।एक मां का आँचल अपनी संतान के लिए कभी छोटा नहीं पड़ता। माँ का प्रेम अपनी संतान के लिए इतना गहरा और अटूट होता है कि माँ अपने बच्चे की खुशी के लिए सारी दुनिया से लड़ लेती है। एक मां का हमारे जीवन में बहुत बड़ा महत्व है, एक मां बिना ये दुनियां अधूरी है।विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े समाजसेवी डा राजे नेगी के मुताबिक मां ईश्वर प्रदत उपहार है। जिसकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती है। उनके सानिध्य व मार्गदर्शन में बच्चे अपने ज्ञान व प्रतिभा को नव दिशा प्रदान कर पाते हैं। व्यापार सभा
के कोषाध्यक्ष ललित जिंदल का कहना है कि मां समाज की सशक्त नींव होती है। जो समाज को बच्चों से अच्छे संस्कार देकर मूल्य एवं आदर्शों रूपी दीपक से परिवार व समाज को ठोस धरातल प्रदान करती है। लांयस क्लब राँयल के सचिव सुमित चौपड़ा का मानना है कि मां के बिन किसी खुशियों के कोई मायने नही है। मां अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ बच्चों में नैतिक मूल्य व आदर्शों का बीज रोपती है।मां बिना कहे बच्चे की तकलीफ समझ जाती है। धरती पर ईश्वर का प्रति रूप मां है।