दून नगर निगम चुनाव को कांग्रेस संगठन ने कसी कमर

0
175

देहरादून(नगर संवाददाता)। देहरादून नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा रणनीतिक स्तर पर तैयारी का आगाज किया गया है और कांग्रेस ने इसके लिए कमर कस ली है। आगामी ०2 मई को महानगर कांग्रेस द्वारा आगामी नगर निगम चुनाव के दृष्टिगत संगठनात्मक तैयारी हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई है।
इस अवसर पर उपरोक्त बैठक हेतु तैयारी की समीक्षा के दौरान इस सम्बंध में जानकारी देते हुए महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना ने बताया कि बैठक में सभी पार्षद, पार्षद प्रत्याशी तथा वार्ड के प्रमुख सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि सभी सेक्टर प्रभारियों और ब्लॉक अध्यक्षों को भी बैठक में उपस्थित रहने को कहा गया है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को महानगर क्षेत्र के सभी विधानसभा प्रत्याशी एवं प्रदेश व महानगर संगठन के पदाधिकारी सम्बोधित करेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा संगठन की मजबूती और वार्ड समितियों का पुनर्गठन रहेगा। संगठन को और सुदृढ़ बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी सम्बंधित लोगों को इस महत्वपूर्ण बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है। इस अवसर पर डॉ जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी की मजबूती स्थानीय स्तर पर , नगर निकायों के स्तर पर पार्टी को मजबूत करने से सुनिश्चित होगी। देश आज अनेक समस्याओं से जूझ रहा है जिससे निपटने में भाजपा सरकार पूर्णत: अक्षम साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि नगर निगम के स्तर पर भी जनता त्रस्त है। पूरे शहर में सड़कें खुदी पड़ी हैं और हर तरफ अव्यवस्था दिख रही है। राज्य में युवा बेरोजगार हैं, परेशान हैं, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय होना होगा जिससे सरकार के तीनों स्तर पर जनता इस शोषणकारी सरकार से मुक्त हो सके और कांग्रेस की सरकार आये। इसकी शुरुआत आगामी नगर निगम चुनाव से करने हेतु कांग्रेस कृतसंकल्पित है। इस अवसर पर मुख्य रूप से अनिल नेगी, राव नसीम, एस बी थापा, अभिषेक तिवारी, देवी नेगी, मोहन जोशी ,विपुल नौटियाल,सतेंद्र पंवार, डॉ अरुण रतूड़ी आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY