उत्तरकाशी(चिरंजीव सेमवाल)। पश्चिम बंगाल के बुजुर्ग श्रद्धालु की उत्तरकाशी के एक आश्रम में हार्ट अटैक से मौत हो गई। उत्तरकाशी पुलिस ने मानवीय धर्म निभाते हुए बुजुर्ग का केदारघाट गंगा तट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
बता दें कि पुलिस के जवानों द्वारा मानवता का धर्म निभाते हुये पश्चिम बंगाल, हावड़ा के एक 75 वर्षीय श्रद्धालु की अचानक मृत्यु होने पर उनका कोई वारिस न होने पर अंतिम संस्कार कर उनकी पत्नी को सांत्वना दी गई। दरअसल बीते 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल हावड़ा बेलूरमठ से अपनी पत्नी श्रीमती कल्पना (68 वर्ष) एवं परिचित दीपिका समोई के साथ चारधाम यात्रा पर आये 75 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु प्रदीप कुमार गंगोत्री धाम के मुख्य पडाव उत्तरकाशी में रुद्रावास आश्रम उजेली मे रुके थे। अचानक दिल का दौरा पडऩे से उनकी मृत्यु हो गई,। उनकी पत्नी एवं साथ आयी महिला काफी परेशान थे मदद की गुहार लगा रहे थे,जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा उनकी पत्नी को सांत्वना दी गई, उनकी पत्नी द्वारा बताया गया कि हमारा कोई वारिस संतान नही है तथा मृत शरीर को वापस पश्चिम बंगाल ले जाने मे भी असमर्थ है। वारिस-संतान न होने पर पुलिस द्वारा मानवता धर्म निभाते हुये केदारघाट उत्तरकाशी पर हिन्दु रीति रिवाज से उनका दाह संस्कार किया गया। महिला श्रद्धालु द्वारा आंसू बहाकर पुलिस के जवानों का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया गया। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा भी इस मानवीय कार्य के लिए उत्तरकाशी पुलिस की सरहाना की गई।