विकासनगर(मनोज सैनी)। राजधानी के पुलिस कप्तान ने जनपद में अवैध खनन पर नकेल लगाने के लिए पुलिस महकमें को खुला अल्टीमेटम दे रखा है लेकिन हैरानी वाली बात है कि आज सुबह भी विकासनगर के भीमावाला नवघाट पर अवैध खनन का खुला तांडव चल रहा था और अवैध खनन करने वालों में सिस्टम का तिनकाभर भी कोई डर देखने को नहीं मिल रहा था जिससे सवाल खडे हो गये कि क्या सिस्टम से बडे हो गये हैं खनन माफिया जिन्हें सिस्टम का कोई भय नहीं है?
उल्लेखनीय है कि आये दिन विकासनगर में अवैध खनन को लेकर सवाल उठते आ रहे हैं और उसी के चलते राजधानी के पुलिस कप्तान दलीप कुंवर ने अवैध खनन करने वालों पर नकेल लगाने के आदेश दिये हुये हैं जिसके चलते यदाकदा विकासनगर पुलिस अवैध खनन करने वाले वाहनों को पकडकर उनका चालान और उन्हें सीज भी कर रही है लेकिन अवैध खनन क्यों नहीं रूक पा रहा है यह सबसे बडा सवाल खडा हो रखा है? आज सुबह जब भीमावाला नवघाट का नजारा देखा गया तो पाया कि वहां अवैध खनन का खुलकर खेल चल रहा था और खनन सामग्री के बडे-बडे ढेर बनाये जा रहे थे। वहां नदी का सीना चीर कर सरकार का काला सोना उडाने वालों का कहना था कि वह तो सिर्फ मजदूर हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिरकार वो कौन खनन माफिया हैं जो नदियों का सीना चिरवा रहे हैं?