नैनीताल(संवाददाता)। पुलिस कप्तान ने जहां अपराध बैठक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और थानेदारों को धोखाधडी और रंगदारी के मामलों में संलिप्त आरोपियों को वांछित घोषित करके उनकी धरपकड के आदेश दिये तो वहीं उन्होंने जनपद में अच्छा काम करने वाले खाकीधारियों को सम्मानित भी किया।
पुलिस कप्तान ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक की समीक्षा की और अधिकारियों व कर्मचारियों को कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवारा घूमने वाले गोवंश हेतु प्रचलित अभियान ऑपरेशन कामधेनु में सार्थक परिणाम हासिल किए गए हैं। सभी थाना प्रभारी निरंतर कार्यवाही जारी रखें। सड़क दुर्घटनाओं में अंकुश लगाने के लिए लगातार चैकिंग की जाय। चैकिंग अभियान के माध्यम से यातायात नियमों का समाज में विशेषकर नाबालिको के मध्य से कड़ाई से पालन करवाएं। सभी थाना प्रभारी द्वारा एमएसीटी और आई-आरएडी ऐप में अध्यावधिक किए गए डाटा की समीक्षा की गई। ज्यादा से ज्यादा डाटा फीडिंग में जोर देने को कहा गया। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन के चलते थानो व कार्यालयों में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। गुड फूड एंड हाईजीन की व्यवस्था करें।
पुलिस कप्तान ने कर्मचारियों हेतु स्मार्ट बैरकों की तर्ज पर स्मार्ट शौचालयों पर जोर दिया और कहा कि सभी थाना प्रभारी इस पर अभियान के रूप में कार्य करें, प्रपोजल जनपद मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही माल निस्तारण की कार्यवाही में तेजी लाएं, कमिटी के समक्ष डिस्पोजल की कार्यवाही करवाएं। उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस में ऑनलाइन जीडी, आईआईएफ फार्मों में डाटा समय पर अध्यावधिक करें। आईसीआईएस में लॉगिन और सर्चिंग में बढ़ोत्तरी करें। कप्तान ने कहा कि सत्यापन की कार्यवाही में तेजी लाएं। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखें। एनडीपीएस एक्ट में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही करें। माननीय न्यायालयों तथा संहिता में निहित प्रावधानों और निर्देशों का कढ़ाई से अनुपालन करें।
पकज भट्ट ने कहा कि धोखाधड़ी और रंगदारी के मामलों में संलिप्त आरोपियों को वांछित घोषित करें, धरपकड़ की जाय। एसपी क्राइम नैनीताल तथा एसपी सिटी हल्द्वानी थानों में प्रचलित लंबित विवेचनाओं का नियमित रूप में आदेश कक्ष लेकर सफल निस्तारण करवाएं। लंबित प्रार्थना पत्रों और जांचों का भी निर्धारित समयावधि के भीतर सफल निस्तारण करें। थाने पर शिकायत व समस्या लेकर आने वाले दिव्यांगजनों और असहाय पीडित के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए हर संभव मदद देकर न्यायोचित कार्यवाही करें। संपत्ति चोरी और नकबजनी के अपराधों में बरामदगी प्रतिशत में बढ़ोत्तरी करें। चोरी वाहनों की शत प्रतिशत बरामदगी करें। गैंगस्टर और गुंडा अधिनियम में अधिक से अधिक कार्यवाही करें। आदतन और पेशेवर अपराधियों का चिन्हीकरण करें।
कप्तान ने कहा कि एनडीपीएस और जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाहियों में तेजी लाएं। अवैध नशे के तस्करों और सट्टेबाजों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करें। महिलाओं की सुरक्षा के लिए उत्तराखंड पुलिस एप्प और गौराशक्ति मॉड्यूल के अंतर्गत डाउनलोड और पंजीकरण करवाएं। वांछित/इनामी अपराधियों की कुशल रणनीति बनाकर टीमें गठित कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। न्यायिक कार्यवाहियों एनबीडब्ल्यू, कुर्की वारंट तामिली की समीक्षा की गई। शिथिलता बरतने और लापरवाही करने पर संबंधित थानो के उपनिरीक्षकों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। माह में जनपद में प्रभावी पुलिसिंग कर महत्वपूर्ण योगदान देने व सराहनीय कार्य करने के लिए उपनिरीक्षक मनोज अधिकारी, थाना रामनगर, हेड कानि० कुंदन कठायत, एसओजी, हेड कानि० कमला बिष्ट, एलआईयू नैनीताल, हेड कानि० ललित डंगवाल, एलआईयू नैनीताल, का० सुमित कुमार जल पुलिस, कानि० चंद्रशेखर मल्होत्रा, थाना कालाढूंगी, कानि० खुशाल सिंह बिष्ट, एलआईयू नैनीताल, महिला का० सोनी थाना रामनगर, कानि० जगत सिंह, कानि० जीत सिंह, यातायात सैल को बेस्ट इमपलॉय ऑफ द मंथ के रूप में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।