देहरादून(संवाददाता)। जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून कार्यकारी जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया की आज सेलाकुई, तिरुपति गैस फैक्टरी के पास केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा घरेलू एवं व्यवसायिक गैसों की कीमत बढ़ाए जाने के विरोध में भाजपा की केंद्र सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज किया और इस बढोत्तरी को वापस लिये जाने की मांग की।
यहां जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून कार्यकारी जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर और व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी को होली से पहले केन्द्र की मोदी सरकार का तोहफा करार देते हुए कहा कि अब गैस सिलेंडर पर 5० रुपए अतिरिक्त बढ़ा दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता पूरी तरह महंगाई से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एक गैस सिलेंडर की कीमत बढऩे से न सिर्फ गृहस्थी का बजट बिगड़ेगा बल्कि अन्य वस्तुओं पर भी इसका असर देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह कीमत बढऩा आम जनता के लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बढोत्तरी को तत्काल प्रभाव से केन्द्र सरकार वापस लें।
इस अवसर पर पछवादून कार्यकारी जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षों में ही केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के मामले में कीमतों में 4०9 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है और प्रधानमंत्री 1०० दिनों में महंगाई कम करने का वादा करके सत्ता में आए थे लेकिन प्रधानमंत्री कीमतों को कम करने में बुरी तरह विफल रहे हैं।
इस अवसर पर लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल ने आगे कहा कि यूपीए सरकार के दौरान एलपीजी सिलेंडर की कीमत 4०० रुपये थी. जिसे अब बड़े पैमाने पर बढ़ा दिया गया है. 7०० रुपये से अधिक की इस भारी वृद्धि से आम आदमी बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जो पहले से ही अभूतपूर्व महंगाई की मार झेल रहा है। इस मौके पर संजीव उपाध्याय, हरीश बिष्ट, शहनवाज अली, मेहताब अली, पुष्पा, सावन शर्मा, ऋषिका शर्मा, नीलम, अल्पना, राधा देवी, अनीस आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।