देहरादून(नगर संवाददाता)। बेरोजगार युवाओं को बिना शर्त रिहा किये जाने व भर्ती घोटालों की सीबीआई से कराये जाने और बेरोजगारों पर बर्बरतापूर्ण लाठी चार्ज के विरोध में कांग्रेसियों ने पांचवें दिन भी अपने विरोध प्रदर्शन को जारी रखते हुए डीजीपी कार्यालय कूच किया तो पुलिस ने सभी को सुभाष रोड के पास बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया और इस बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और बाद में सभी वहीं धरने पर बैठ गये। इस अवसर पर कांग्रेसियों ने डीजीपी अशोक कुमार को बर्खास्त किये जाने की मांग की गई।
यहां नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के आहवान पर कांग्रेसजन कांग्रेस भवन में इकटठा हुए और वहां से भर्ती घोटालों की सीबीआई से कराये जाने व बेरोजगार नौजवानों पर पुलिस द्वारा किये गये बर्बरतापूर्ण लाठी चार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीजीपी कार्यालय कूच किया तो पुलिस ने सभी को सुभाष रोड के पास बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया और इस बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और बाद में सभी वहीं धरने पर बैठ गये और बाद में पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाईन ले गई जहां पर उन्हें निजी मुचलकों पर छोड दिया गया।
इससे पूर्व कांग्रेस भवन में सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि बेरोजगार युवाओं पर जिस प्रकार से पुलिस ने लाठीचार्ज किया है वह निंदनीय है और प्रदेश सरकार सभी भर्ती घोटालों की सीबीआई से जांच कराने में क्यों बच रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहा है लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है क्योंकि इसमें भाजपा के बड़े नेता शामिल है जिस कारण से सरकार सीबीआई जांच कराने से बच रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटालों की आवाज उठाने वाले आज जेल में है और नकल कराने वाले बाहर घूम रहे है । उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के समय में भी स्वर्गीय कल्याण सिंह मुख्यमंत्री थे और राजनाथ सिंह शिक्षा मंत्री थे और उस समय भी नकल विरोधी कानून बना लेकिन आज तक लागू नहीं किया गया है और उसका क्या हुआ। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार युवाओं को शीघ्र ही बिना शर्त रिहा करना होगा अन्यथा कांग्रेस आंदोलन को जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी में अभ्यर्थी पर अनावश्यक रूप से मुकदमा दर्ज किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उनके खिलाफ तहरीर दी है उन्हें कोई फर्क नहीं पडता है चाहे सरकार जेल भेज दे यहा हत्या कर दें लेकिन वह अपने बयान पर कायम है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक प्रीतम सिंह के साथ अभद्रता करने वाले परिषद के कार्यकर्ता थे जिसका उनके पास प्रमाण है और समय आने पर वह सबूत के तौर पर उसे सार्वजनिक भी करेंगें। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को जिला स्तर के साथ ही साथ ब्लॉक स्तर पर भी शुरू किया जायेगा। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि युवा बेरोजगार अपने हक के लिए आंदोलन व सत्याग्रह कर रहे थे, इस लाठीचार्ज से भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में एवं बेरोजगार छात्रों की मांगों के समर्थन में कांग्रेस पार्टी व अनुषांगिक संगठनों का आंदोलन जारी रखा जायेगा। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि लाठीचार्ज के विरोध में युवा कांग्रेस कल मशाल जुलूस निकालेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार नौजवान सरकार से केवल रोजगार चाहते हैं और बेरोजगार चाहते हैं कि उनकी सभी परीक्षाएं पारदर्शी ढंग से करायी जाये। उन्होंने कहा कि जिन परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं उनकी हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जॉच करवाई जाए।
इस अवसर पर विधायक ममता राकेश ने कहा कि बेरोजगारों का सरकार व सिस्टम से भरोसा उठ चुका है। उस भरोसे को बहाल करने के लिए सरकार को बेरोजगारों की मांगों पर उचित निर्णय लेने चाहिए एवं दमनकारी रवैया छोडकर बेरोजगार छात्र नेताओं से दर्ज मुकदमे वापस लेने की जरूरत है और गिरफ्तार युवाओं को बिना शर्त रिहा करना चाहिए। इस अवसर पर विधायक विक्रम सिंह नेगी सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। बाद में सभी ने डीजीपी कार्यालय की ओर कूच किया तो पुलिस ने बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया और इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और सभी वहीं धरने पर बैठ गये। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष करन माहरा व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित अन्य कार्यकर्ता बैरीकैडिंग पर चढ़ गये और काफी समय पर हंगामा होता रहा और बाद में पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाईन ले गई जहां पर उन्हें निजी मुचलकों पर छोड दिया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष व विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रम सिंह नेगी, विधायक ममता राकेश, गोपाल राणा, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश महामंत्री पी के अग्रवाल, मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, मीडिया पैनलिस्ट सुनीता प्रकाश, आर्येन्द्र शर्मा, पछवादून कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, पूनम कंडारी, पूर्व अध्यक्ष एनएसयूआई मोहन भंडारी, विनित प्रसाद भटट बंटू,, मोहन काला, संदीप चमोली, ललित भद्री, राजेश चमोली, आशा टम्टा, महेश जोशी, राजेन्द्र शाह, जयेन्द्र रमोला सहित अनेक कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल रहे।