देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री को वचन दे रखा है और यही कारण है कि उत्तराखण्ड के विकास के लिए केन्द्र सरकार एक के बाद एक विकास योजनाओं का तोहफा पुष्कर सरकार को दे रही है जिसके चलते राज्यवासियों को आशा नजर आने लगी है कि आने वाला समय उत्तराखण्ड का होगा। देश के प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड को एक बार फिर विशेष सहायता देने के लिए जिस तरह से अपने कदम आगे बढाये हैं उससे राज्य के मुख्यमंत्री काफी गदगद नजर आ रहे हैं और उन्होंने इस सहायता के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुक्रिया किया है कि वह उत्तराखण्ड के विकास को पंख लगा रहे है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को विशेष सहायता के तहत 65.92 करोड़ रुपए तथा पूंजीगत परिव्यय के रूप में रूपये 72 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिलने पर प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ओर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई दिल्ली में उत्तराखंड भवन के निर्माण, टनकपुर बस टर्मिनल के निर्माण तथा इलेक्ट्रिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सहित सार्वजनिक परिवहन आधारभूत संरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से यह सहायता उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण है। देवभूमि उत्तराखंड का जन-जन, डबल इंजन की सरकार से निरंतर लाभान्वित हो रहा है। राज्य सरकार को केंद्र सरकार से प्रत्येक क्षेत्र में सहायता तथा सहयोग मिल रहा है।