बेरोजगारों ने किया सत्याग्रह

0
158

देहरादून(नगर संवाददाता)। उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं पर विवाद नहीं थम रहा है और लगातार विपक्षी दल कांग्रेस ने 12 फरवरी को होने वाली पटवारी की भर्ती को निरस्त किये जाने की मांग की है और कहा कि जांच व परीक्षा एक साथ नहीं की जा सकती है और आज उत्तराखंड बेरोजगार संघ से जुड़े तमाम बेरोजगार युवाओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और परीक्षा को निरस्त किये जाने की मांग की और सत्याग्रह शुरू किया।
यहां उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार के नेतृत्व में बेरोजगार गांधी पार्क के बाहर इकटठा हुए और बेरोजगारों की इतनी संख्या थी कि राजपुर रोड पर जाम लगा रहा और पुलिस को यातायात सुचारू करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पडी। इस अवसर पर बॉबी पंवार ने कहा है कि अब तक की सभी भर्ती घोटालों की सीबीआई से जांच की जानी चाहिए और लगातार बेरोजगार इस मांग को उठा रहे है लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार और लोक सेवा आयोग जल्दबाजी में एक बार फिर से पटवारी की भर्ती करना चाह रही है। उनका कहना है कि राज्य के युवाओं का आयोग से भरोसा नहीं रह गया है। उनका कहना है कि सरकार को चाहिए की भर्ती परीक्षा की जांच पूरी होने के बाद ही भर्ती परीक्षाओं को कराया जाना चाहिए। उनका कहना है कि जल्द ही परीक्षा को निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा।
इस अवसर पर बॉबी पंवार ने कहा है कि नकल रोधी कानून लागू होने के बाद ही राज्य में परीक्षाएं होनी चाहिए और उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली की सरकार जांच कराए और वहीं उन्होने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने युवाओं की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदेश सरकार, आयोग एवं एसआईटी को हाल ही में कई तथ्य दिये और उसके आधार पर कार्यवाही करने की मांग की है और उन्होंने कहा कि आज जहां सरकार व आयोग जल्दबाजी में पटवारी भर्ती की परीक्षा कराने पर आमादा है और युवा बेरोजगार लगातार उसका विरोध कर रहे है और शीघ्र ही इस भर्ती को निरस्त किया जाये अन्यथा बेरोजगार सड़कों पर उतरने को विवश होंगें। उन्होंने कहा कि सभी भर्ती घोटालों की सीबीआई से जांच कराई जाये। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस अवसर पर अनेकों युवा बेरोजगार सत्याग्रह, धरने व प्रदर्शन में शामिल रहे।

LEAVE A REPLY