नैनीताल/ देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण इन दिनों अपने कुमाऊं दौरे पर है, यहां विधानसभा अध्यक्ष सिद्धपीठ मंदिरों के दर्शन कर रही है।
यहां अपने कुमाऊं भ्रमण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष का नैनीताल पहुंची और उन्होंने माता पाषाण देवी मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की। तत्पश्चात उन्होंने सुबह माता नयना देवी मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि नैनीताल उनका ननिहाल है और वह बचपन से ही नैनीताल की सुंदरता को देखती आ रही है। उन्होंने कहा की उनका सौभाग्य है की वह सिद्धपीठ मंदिरों के दर्शन कर पा रही है और वे देवी – देवताओं से प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि व शांति की कामना कर रही हैं।
इस अवसर पर नैनीताल के मंदिरों के दर्शन के पश्चात विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने नैनीताल विधायक सरिता आर्या के साथ डी एस ग्राउंड नैनीताल में चल रहे स्वर्गीय एन के आर्य की स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में शिरकत की। उन्होंने खिलाडिय़ों का परिचय लिया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा की युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं है कि पढ़ाई से ही रोजगार मिले। खिलाड़ी बनकर भी अच्छा रोजगार पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खेलने से शारीरिक मानसिक विकास होता है और शरीर भी हष्टपुष्ट रहता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना है तो उन्हें खेलो के प्रति जागरूक करना होगा। इस दौरान नैनीताल विधायक सरिता आर्या भी उनके साथ मौजूद रही।