देहरादून(नगर संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से देहरादून स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत 1० इलैक्ट्रिक बसों का विस्तारित मार्ग आईएसबीटी से मालदेवता एवं आईएसबीटी से सहसपुर रोड के संचालन का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने टिकट लेकर घंटाघर तक बस में यात्रा भी की। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत 2० इलैक्ट्रिक बसों का संचालन देहरादून में पहले से ही किया जा रहा है।
उन्होंने सीईओ स्मार्ट सिटी व जिलाधिकारी देहरादून सोनिका को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाये कि इन बसों के आने-जाने की समयावधि की आम जन को जानकारी हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत अब जो 3० इलैक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही है। इससे देहरादून के विभिन्न यात्रा मार्गों पर जाने के लिए यात्रियों को काफी सुविधा होगी। यात्रियों को आवागमन के लिए सहज एवं सरल सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इलैक्ट्रिक बसों के संचालन से पर्यावरण भी प्रदूषित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ग्रीन एवं क्लीन सिटी के लिए भी इन बसों के संचालन से मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बस के संचालन का मुख्य उद्देश्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना है। इन बसों के संचालन से वायु एवं ध्वनि प्रदूषण कम होगा। इस अवसर पर देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड की दून कनैक्ट सेवा के अंतर्गत 2० बसों का संचालन देहरादून शहर के चार मार्गों आईएसबीटी से राजपुर, आईएसबीटी से रायपुर- सेलाकुई, आईएसबीटी से सहस्त्रधारा एवं आईएसबीटी से एयरपोर्ट तक पहले से ही संचालन किया जा रहा है। इस अवसर पर बताया गया कि इनमें अभी तक कुल 12.47 लाख यात्रियों द्वारा सफर किया जा चुका है तथा कुल 2 करोड़ 41 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर बताया गया कि पहले से चल रही बसों में यात्रियों की अधिक संख्या एवं स्थानीय निवासियों एवं यात्रियों के द्वारा अतिरिक्त बसों की इस रूट पर मांग के दृष्टिगत स्थानीय जनता को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए आईएसबीटी से रायपुर रूट को विस्तारित कर मालदेवता तथा आईएसबीटी से सेलाकुई रूट को विस्तारित कर सहसपुर तक नई बसों को संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, सुरेश गडिय़ा, सीईओ स्मार्ट सिटी व जिलाधिकारी सोनिका आदि उपस्थित थे।