काशीपुर(राजू अनेजा)। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के निर्देशन पर पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही के दौरान काशीपुर के क्रेशर स्वामी को मारने वाले शूटरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने काशीपुर में सत्तर वर्षीय पूर्व प्रधान व खनन कारोबारी महल सिंह की हत्या में शामिल दो शूटरों सहित बंबिहा गिरोह के चार शूटरों को गिरफ्तार किया है। बंबिहा कथित तौर पर मारे गए पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला से भी जुड़ा था।
बता दें कि कि तेरह अक्टूबर 2०22 को कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के जुड़का नंबर-दो में खनन कारोबारी महल सिंह की दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन महल सिंह को गोली मारने वाले दोनों हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। मामले में कनाडा कनेक्शन भी सामने आया था तब से इस हत्या में शामिल शूटरों की तलाश जारी थी। उधमसिंहनगर पुलिस की छह टीमें विभिन्न स्थानों में शूटरों की तलाश कर रही थी। एसएसपी उधमसिंहनगर डाक्टर मंजुनाथ टी सी द्वारा लगातार पुलिस टीमों को निर्देशित किया जा रहा था तथा दिल्ली पुलिस एवं पंजाब पुलिस से लगातार समन्वय साधा हुआ था।
उत्तराखंड पुलिस ने पंजाब पुलिस और दिल्ली पुलिस के साथ जॉइंट ऑपरेशन चलाकर बंबिहा गिरोह के चार संदिग्ध निशानेबाजों को मोहाली के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट के माध्यम से उक्त जानकारी दी। यादव ने बताया कि शूटरों के पास से तुर्की में निर्मित एक स्वचालित पिस्तौल सहित तीन विदेशी निर्मित पिस्तौलें जब्त की गईं हैं। यादव ने कहा कि चारों उत्तराखंड में एक 7० वर्षीय व्यक्ति की हत्या में कथित रूप से शामिल हैं।जिसमे साधु सिंह उर्फ लॉक, मनप्रीत सिंह उर्फ मानी उर्फ छुची व उनके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया गया। जिनके द्वारा महल सिंह की हत्या करना स्वीकार किया गया गया है। अंतराष्ट्रीय अपराधी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला व सुखदूल सिंह के कहने पर महल सिंह की हत्या कर दी थी। जिनकी हरजीत काला व उसके बेटे तनवीर से सुपारी दी थी। इनके द्वारा पंजाब व अन्य राज्यों में जघन्य अपराधों की साजिश रची जा रही थी।