प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिस जज्बे के साथ राज्य के अन्दर भ्रष्टाचार व घोटालों का अंत करने के लिए धाकड धामी के रूप में सामने आ गये हैं उससे राज्य में हर भ्रष्टाचारी व घोटालेबाजों का किला अब सुरक्षित नहीं रह पायेगा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के कार्यकाल में विधानसभा में हुई नियुक्तियों को लेकर जो शोर मीडिया में मच रहा था उस पर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिस तरह से जांच कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध करने की बात कही है उससे विधानसभा अध्यक्ष अब विदेश से लौटते ही राज्य में विधानसभा के अन्दर हुई भर्तियों को लेकर मच रहे शोर पर ब्रेक लगाकर कोई बडा फैसला कर सकती हैं?
उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मीडिया के सामने खुलासा किया कि विधानसभा में हुई नियुक्तियों को लेकर जो शंकायें उठ रही हैं उसको लेकर वह विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी से मुलाकात कर उनसे विधानसभा में हुई भर्तियों की जांच कराने का अनुरोध करेंगे और यह जांच वह किसी भी एजेंसी से करायेंगी तो उसके लिए सरकार उनका सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस मास्टर स्ट्रोक ने भर्ती को लेकर मच रहे शोर पर जिस तरह से जांच की बात कहकर विराम लगा दिया उससे राज्य के अन्दर अब हलचल मच गई है कि विधानसभा अध्यक्ष सम्भवत: सभी भर्तियों की जांच कराने का आदेश दे सकती है।
