देहरादून(संवाददाता)। चम्पावत में हुये उपचुनाव में जिस तरह से समूचा चम्पावत पुष्करमय हुआ उससे इस बात में तिनकाभर भी कोई आशंका नहीं है कि यह चुनाव एकतरफा हुआ है। चम्पावत की समूची जनता का मानना है कि उन्होने अपने इलाके के विकास को लेकर ही मतदान किया है और युवा पीढी को अपने मुख्यमंत्री से एक नई आशा बंध गई है कि वह चुनाव जितने के बाद चम्पावत को विकास की राह पर तेजी से आगे ले जायेंगे जिससे युवा पीढी को रोजगार के लिए कहीं भी भटकना नहीं पडेगा। वहीं तीन जून को समूचा चम्पावत एक जश्न में डूबा हुआ नजर आयेगा जिसको लेकर भाजपा नेताओं ने अभी से ही जश्न की पूरी तैयारी कर ली है और जैसे ही चुनाव परिणाम सामने आयेगा तो ढोल-नगाडों के साथ सडकों पर समूचा चम्पावत होली और दीवाली एकसाथ खेलता हुआ नजर आयेगा।
बीते रोज चम्पावत में हुये उपचुनाव में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भाग्य भले ही ईवीएम में कैद हो गया हो लेकिन समूचे चम्पावत का मानना है कि उन्होंने पुष्कर सिंह धामी को अपना विधायक चुन लिया है और तीन जून को तो सिर्फ इसकी घोषणा होनी शेष रह गई है। चम्पावत में हर वर्ग के लोग मानते हैं कि उनके इलाके से राज्य के मुख्यमंत्री विधायक बनने जा रहे हैं तो उनके इलाके का भविष्य तो पहले से ही तय हो चुका है और जो चम्पावत इक्कीस सालों में भी जिस विकास के साथ आगे नहीं बढ पाया उसका विकास अभूतपूर्व होना तय है और तीन जून को जब राज्य के मुख्यमंत्री का चुनाव परिणाम सामने आयेगा तो समूचा चम्पावत जश्न में डूबेगा और उस जश्न की गूंज राजधानी तक सुनाई देगी।
