देहरादून(संवाददाता)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी ली है और कहा है कि यदि पद छोडऩे के लिए हाईकमान कहेगा तो वह सहर्ष स्वीकार करेंगें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व प्रदेश की मजबूती के लिए वह तैयार है। उन्होंने कहा कि सूयास्त के बाद सूर्योदय होता है, इसे कभी नहीं भूलना चाहिए।
यहां कांग्रेस भवन में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र के रण में और जनता के हित में पांच साल बुलंद आवाज उठाई लेकिन इसके बावजूद भी चुनाव में परिणाम कांग्रेस के पक्ष में नहीं रहे और जनता को समझाने में कहीं न कहीं असफल रहे है और मेरी स्वयं की जिम्मेदारी बनती थी लेकिन वह भी असफल रहे इसका उन्हें खेद व दु:ख भी है और हमारे संकल्पों को पूरा करने का ठान कर यह लडाई लडी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनता की आवाज उठाई और उम्मीद थी कि जनता हकीकत समझेगी और प्रदेश की जनता ने मौका खोया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने रोजगार का सपना देखा था और हम गरीबों की रसोई को रोशन करना चाह रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बेरोजगारी को खत्म करने का सपना देखा था लेकिन जिसमें वह सफल नहीं हो पाई है और भाजपा की सफलता पर उन्हें बधाई दी है और कांग्रेस के जीते हुए प्रत्याशियों को बधाई दी और कहा कि उम्मीद करते है कि सार्थक विपक्ष की भूमिका सदन में निभायेंगें।
उन्होंने कहा कि सरकार के जन विरोधी नीतियों का विरोध, भ्रष्टाचार के मामले उठाये और घोटालों पर सरकार को माफ नहीं किया जायेगा और जागरूक विपक्ष की भूमिका में रहे। उन्होंने जनता का आभार जताया और जनता ने जिस उत्साह से कांग्रेस का साथ दिया। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस को सत्ता का लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि हार की कमियों को हर संभव मंथन होली के बाद किया जायेगा और कांग्रेस ने भाजपा के धनबल और बाहुबल का डटकर मुकाबला किया और कांग्रेस का इतिहास बलिदान का रहा है। उन्होंने कहा कि चार धाम चार काम को मतदाताओं के मन में नहीं बिठा पाये और गढवाल व कुमायूं में सीटों के अंतर पर भी मंथन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने जनता को केवल इतना कहा कि आपका वोट मोदी को के आधार पर काम किया है और कांग्रेस के वसुधैव कुटुम्बकम के आधार पर काम किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में कुछ गलतियां हुई और वह भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपाईयों ने जीत के उत्साह में होश खोया है और राठ क्षेत्र में जो महाविद्यालय उन्होंने बनाया उस पर तोडफ़ोड़ की जिसकी जितनी निंदा की जाये वह कम है। इस अवसर पर वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी, गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी गरिमा दसौनी, मीडिया प्रमुख राजीव महर्षि, प्रवक्ता डा. आर पी रतूडी, डा. प्रतिमा सिंह, महेन्द्र सिंह नेगी आदि शामिल रहे।
