मां लक्ष्मी से मांगा देवभूमि की प्रगति का आशीर्वाद
बेरीपड़ाव मन्दिर पहुंचे पुष्कर और नितिन नबीन
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री ने नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान बेरीपड़ाव स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मां महालक्ष्मी के चरणों में शीश नवाते हुए उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।
बरेली रोड स्थित मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने मां महालक्ष्मी का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने देश और प्रदेश में खुशहाली, सामाजिक सौहार्द और विकास की गति निरंतर आगे बढ़ने की कामना भी की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में राजनीतिक दिग्गजों की मौजूदगी के बीच श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ईश्वर का आशीर्वाद प्रदेश को नई ऊर्जा के साथ विकास और जनकल्याण के पथ पर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।