देहरादून(संवाददाता)। उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद देहरादून जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। इस अवसर पर बर्ड फ्लू की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए सतर्क रहने और समन्वित रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं जिले की प्रवेश सीमाओं पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रखे हुए है और चेक पोस्ट स्थापित किये गये है। इस अवसर पर उनका कहना है कि एवियन इन्फ्लूएंजा, जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू के रूप में जाना जाता है, एक अत्यधिक संक्रामक वायरल बीमारी है जो पक्षियों को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि यह बीमारी मनुष्यों में भी फैल सकती है, हालांकि यह दुर्लभ है। जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि एहतियात के तौर पर जनपद के सभी 17० पोल्ट्री फार्म से तीन दिन के भीतर रैंडम सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाये और पोल्ट्री फार्म पर नियमित निगरानी रखी जाए और रैपिड रिस्पांस टीम को एक्टिव करें। उन्होंने वन विभाग को तालाब, झील एवं नदियों के आसपास रहने वाले पक्षियों पर नजर रखने और कोई पक्षी मृत या बीमार मिलने पर तत्काल इसकी जानकारी पशु चिकित्सा विभाग को देने को कहा। हालांकि जिले के पोल्ट्री फार्म में अभी तक वल्र्ड फ्ल्यू का कोई भी मामला सामने न आने पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के पोल्ट्री पर फिलहाल कोई प्रतिबंध नही है। जिलाधिकारी ने सैनिक कल्याण अधिकारी को जनपद में स्थित आर्मी और पैरामिलिट्री फोर्स हैडक्वाटर को भी इस संबंध सतर्क करने को कहा है। इस अवसर पर बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि यूपी से सटी जनपद की सभी सीमाओं पर चेक पोस्ट स्थापित करते हुए बाहर से आने वाले जिन्दा मुर्गे, मुर्गे का मांस और अंडे पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में अनाधिकृत रूप से संचालित मीट की दुकानों को तत्काल सीज कराया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, पशु चिकित्साधिकारी और नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्र में पोल्ट्री फार्म एसोसिएशन और मुर्गा मांस व्यापारियों के साथ बैठक कर जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, सीएमओ डॉक्टर मुकेश कुमार शर्मा, सीवीओ डॉक्टर एस सी जोशी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

