विकासनगर(संवाददाता)। हैरान करने वाली बात है कि एक ओर तो मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड को विकास के पथ पर तेजी के साथ आगे ले जाने के लिए रात-दिन एक किये हुये हैं लेकिन सिस्टम के कुछ अफसर मुख्यमंत्री के विजन पर ही ग्रहण लगाते हुए नजर आ रहे हैं क्योंकि आये दिन जिस तरह से जनसंघर्ष मोर्चा आवाम के जनहित के मुद्दों को लेकर अफसरों और सरकार की चौखट पर पहुंचकर उन्हें आवाम की व्यथा सुना रहा है उससे नजर आ रहा है कि सिस्टम के काफी लोग घृतराष्ट्र बने हुये हैं। जनसंघर्ष मोर्चा डाकपत्थर मार्ग की दशा एवं उसमें हो रखे बडे-बडे गड्ढों को लेकर सिस्टम से बेहद नाराज दिखाई दिया और उसका साफ कहना है कि विभाग के लोगों को आज आम जनमानस की जानमाल की सुरक्षा से कोई लेनादेना नहीं है और वह किसी बडी अनहोनी का इंतजार करने की ही हमेशा प्रतीक्षा करता रहता है। मोर्चे के अध्यक्ष ने सीधी दहाड लगाई कि अगर डाकपत्थर मार्ग पर सडकों में हो रखे बडे-बडे गड्ढे बंद न किये गये और इस मार्ग की दशा का शीघ्र समाधान न हुआ तो मोर्र्चा इंट से ईंट बजाने का काम करेगा। मोर्चे के अध्यक्ष ने सीधी दहाड लगाई है कि उनका मोर्चा राजनीति से हटकर है और वह सिर्फ आम जनता की पीडा सुनकर उस पर एक्शन कराने के लिए हमेशा आगे ही खडा रहेगा।
डाकपत्थर रोड की दुर्दशा एवं सड़क में बने गड्ढों से आए दिन हो रही दुर्घटनाओं एवं वाहन पलटने से आक्रोशित जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मोर्चा टीम के साथ सड़क का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों द्वारा बरती जा रही लापरवाही के प्रति नाराजगी जताई। नेगी ने कहा कि सड़क में हुए गड्ढों की वजह से कई बार वाहन पलट गए तथा कई लोग चोटिल हुए हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं है। प्रतीत होता है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है। आखिर संबंधित जनप्रतिनिधियों का इस और ध्यान क्यों नहीं जा रहा है। विभाग को चाहिए कि इस बरसाती सीजन में उसमें वैकल्पिक उपचार कर सड़क का समतलीकरण कराये। नेगी ने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता शर्मा एवं अधिशासी अभियंता करनवाल से दूरभाष पर वार्ता कर अवगत कराया, जिसमें उनके द्वारा शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। मोर्चा किसी भी सूरत में जनता का शोषण नहीं होने देगा। नेगी ने तंज कसते हुए कहा कि इन गड्ढों को भरने के लिए क्या विभाग को नाबार्ड एवं आई एम एफ से आर्थिक सहायता लेनी पड़ेगी। मोर्चा टीम में- विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, प्रवीण शर्मा पिन्नी, विनोद जैन, भीम सिंह बिष्ट, अमित जैन, अतुल हांडा , अश्वनी कुमार, यूनुस ,प्रमोद शर्मा, नरेंद्र तोमर, नाजिर, सुमेर चंद, नाहिद, जसवीर, भगत सिंह, सोनू आदि मौजूद थे।

