नकली दवाईयां बनाने वाला गिरफ्तार

0
102

देहरादून(संवाददाता)। मुख्यमंत्री ने राज्य में नकली दवाईयां बनाने वाले गैंग को बेनकाब करने के लिए एसटीएफ, पुलिस कप्तानों और स्वास्थ्य सचिव को आदेश दिये हुये हैं जिसके चलते राज्य के कुछ जनपदों में ब्रांडेड कम्पनियों की नकली दवाईयां बनाने वाले गैंग के खिलाफ बडा ऑपरेशन चलाया हुआ है। स्वास्थ्य सचिव और एसटीएफ द्वारा चलाये जा रहे इस ऑपरेशन में नकली दवाईयां बनाने वाले गैंग के लीडर को एसटीएफ ने दबोच लिया और अब तक इस गैंग के चार सदस्यों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने दो टूक संदेश दे रखा है कि राज्य के अन्दर आवाम के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर नकली दवाईयां बनाने और बेचने वाले एक-एक दरिंदे को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जायेगा। एसटीएफ नकली दवाईयां बनाने वाले गिरोह की कुंडली खंगालने के मिशन में जुटी हुई है और उसे विश्वास है कि राज्य के अन्दर नकली दवाई बनाने वाले हर गुनाहगार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न ब्रांडेड दवाई कंपनियों की जीवन रक्षक दवाइयों की हूबहू नकल कर नकली दवाइयों के विक्रय की शिकायत मिलने पर उस गिरोह की पहचान कर नकली दवाईयों को बनाने वाले गैंग के विरूद्ध कार्यवाही करना पुलिस के लिए एक चुनौती बना हुआ रहता है। जहां एक ओर नकली दवाईयों के बाजार में विक्रय होने और उनके जीवन रक्षक औषधि के रूप में प्रयोग करने से आम जनमानस के स्वास्थ्य में उल्टे दुष्प्रभाव होता है वहीं दूसरी ओर राजस्व की भी बड़े स्तर पर हानि होती है। पुलिस कप्तान एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा अपनी टीमों को स्पष्ट निर्देशित किया गया है कि इन नकली दवाईयों का बनाने वालों की कुंडली तैयार कर उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। एसटीएफ ने नकली दवाईयां बनाने वाले गैंग के तीन शैतानों संतोष कुमार, नवीन बसंल व आदित्य काला को अब तक गिरफ्तार कर चुकी है।
वहीं एसटीएफ टीम के लिए नकली दवाई बनाने वाली फैक्ट्री मालिक की तलाश कर उसके विरूद्व कार्यवाही करना एक चुनौती बन गया। वह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। अभियोग में पूर्व में गिरफ्तार शुदा अभियुक्त नवीन बसंल द्वारा पूछताछ में बताया था कि मैं सहसपुर क्षेत्र में स्थित डॉ. मित्तल लैबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड एंव अन्य फैक्ट्री से नकली दवाईयां तैयार करवाता था और दवाईयों को ट्रांस्पोर्ट के माध्यम से हरियाणा,भिवाडी, राजस्थान आदि स्थानों में भिजवाता था। जिसके उपरान्त एसटीएफ टीम द्वारा मैनुअली पुलिसिंग के चलते आज कम्पनी के मालिक अभियुक्त देवी दयाल गुप्ता निवासी बी-3/7० अशोक विहार फेज-2 अशोक विहार, नोर्थ वेस्ट दिल्ली को पूर्व में गिरफ्तार शुदा मास्टर माइंड अभियुक्त नवीन बंसल के संगठित गिरोह का सदस्य होने एंव उसको नकली दवाईयां तैयार कर उपलब्ध कराये जाने के कारण देहरादून क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। फैक्ट्री से अभियुक्त देवी दयाल गुप्ता द्वारा अभियुक्त नवीन बसंल को भारी मात्रा में नकली दवाईया अपनी फैक्ट्री में बनवाकर देता था। अभियुक्त द्वारा वर्ष 2०21 से वर्ष 2०25 तक लगभग 1 करोड़ 42 लाख 3० हजार टैबलेट्स और लगभग 2 लाख कैप्सूल अभियुक्त नवीन बंसल को अवैध तरीके से तैयार कर दिये है। मुख्यमंत्री के आदेश पर जिस तरह से ब्रांडेड कम्पनियों की दवाईयां बनाने वालों पर शिकंजा कसने का ऑपरेशन चल रहा है उससे साफ नजर आ रहा है कि राज्य में नकली दवाईयां बनाने वालों हर शैतान को अब पुलिस और स्वास्थ्य सचिव के कोप का भाजन होना पडेगा।

LEAVE A REPLY