बस हादसे में एक और मिला शव

0
186

रुद्रप्रयाग/देहरादून(संवाददाता)। बाबा केदारनाथ के दर से दर्शन करके बद्रीनाथ श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस अलकनंदा नदी में समा गई थी जिसमें आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गये थे जबकि तीन श्रद्धालुओं के शव पुलिस ने सर्च ऑपरेशन में बरामद किये थे। वहीं लापता नौ श्रद्धालुओं को खोज निकालने के लिए सरकार ने सारी शक्ति झोंक दी और अलकनंदा में श्रद्धालुओं को खोजने का आज फिर सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ और इस ऑपरेशन में पुलिस को नदी के किनारे एक और शव मिला है जिसकी पहचान राजस्थान के नागरिक के रूप में हुई है। वहीं अभी भी आठ श्रद्धालुओं को खोज निकालने के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जनपद के घोलतीर के पास हुई बस दुर्घटना में लापता चल रहे नौ व्यक्तियों की ढूंढख़ोज के लिये आज प्रात:काल से ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति एवं निगरानी में जिला पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ व जल पुलिस के स्तर से संयुक्त रुप से रेस्क्यू अभियान प्रारम्भ किया गया है। दुर्घटनास्थल से लेकर श्रीनगर तक के क्षेत्र में विभिन्न प्वाइन्टों पर वॉचरों की नियुक्ति सहित अलकनन्दा नदी में बोट व सोनार की मदद से ढूंढ-खोज अभियान चलाया जा रहा है। लगातार चलाये जा रहे इस सर्च व रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक रेस्क्यू टीमों को रतूड़ा क्षेत्रान्तर्गत नदी किनारे एक शव बरामद हुआ है। उक्त शव को सड़क पर लाकर शव वाहन की मदद से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भिजवाया गया है।
पुलिस कप्तान अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि आज रेस्क्यू के दौरान मिले शव की पहचान संजय सोनी, निवासी उदयपुर, शास्त्री सर्किल राजस्थान, (उम्र 55 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही के उपरान्त शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जायेगा। साथ ही शेष आठ मिसिंग रह गये व्यक्तियों की तलाश किये जाने हेतु सर्च एवं रेस्क्यू अभियान निरन्तर जारी है। वहीं डीप डाइविंग और राफ्ट की मदद से भी रेस्क्यू किया जा रहा है। गत दिवस हुए हादसे में शेष लापता रह गये आठ व्यक्तियों की तलाश हेतु रेस्क्यू टीमों एस.डी.आर.एफ. व जल पुलिस के स्तर से अलकनन्दा नदी में अलग-अलग सम्भावित स्थलों पर डीप डाइविंग करते हुए सर्च अभियान चलाया जा रहा है, साथ ही राफ्ट की मदद से भी ढूंढखोज निरन्तर जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी ने रूद्रप्रयाग के पुलिस कप्तान को आदेश दिये हुये हैं कि वह अपनी देखरेख में लापता श्रद्धालुओं को खोज निकालने के लिए ऑपरेशन चलाये और जल्द से जल्द लापता श्रद्धालुओं को खोजा जाये जिससे कि उनके परिवार के सामने आ रखे इस संकट के समय उन्हें एक अहसास हो कि उनके अपनों को खोजने के लिए बडा ऑपरेशन चल रहा है। मुख्यमंत्री के आदेश पर इस खोज के लिए राफ्ट की भी मद्द ली जा रही है।

LEAVE A REPLY