शहर के एंट्री प्वाइंट पर चार की मौत
देहरादून(संवाददाता)। आज तडके हरियाणा की एक कार में सवार लोगों को शायद इस बात का कभी इल्म भी नहीं होगा कि वह जिस शहर में अपना इन्जॉय करने के लिए जा रहे हैं उसके एंट्री प्वाइंट पर ही उनका यह सफर अन्तिम सफर हो जायेगा? आशारोडी के पास सीमेंट का एक ट्राला जा रहा था उसके पीछे चल रही कार उससे इतनी भीषण टकरा गई कि कार के परखच्चे उड गये और उसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस ने कार में सवार लोगों को उससे बाहर निकालने के लिए एक बडा ऑपरेशन चलाया और कार के दरवाजे को लोहे की नुकीले बल्लम से तोडा और उसमें सवार पांच लोगों को बाहर निकाला तो पुलिस यह देखकर परेशान हो गई कि उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने आनन-फानन में दून अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रोले के चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर रखी है कि आखिरकार यह दुर्घटना कैसे हुई। मौत की नींद सोये चार हरियाणावासियों के लिए आज की सुबह ब्लैक संडे के रूप में रही। पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दी है और उसके बाद उनके शवों का पंचनामा भरा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज प्रातः लगभग तीन बजकर दस मिनट पर मारुति रिट्ज कार सफेद रंग वाहन संख्या एचआर 42इ – 2701 , जो सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रही थी और इस कार के आगे सीमेंट से भरा एक ट्राला वाहन संख्या एचआर 63 एफ 5353 चल रहा था। पुलिस के अनुसार जैसे ही सीमेंट से भरा ट्राला आशारोड़ी के पास पहुंचा तो पीछे चल रही कार में सवार ड्राईवर ने सीमेंट के ट्राले में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड गये और वहां हाहाकार मच गया। आशारोडी चैक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना अपने आला अधिकारियों को दी जिसके बाद वहां बचाव व राहत के लिए पुलिस की टीमें पहुंची। पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह बुरी तरह से फसा हुआ था जिसके बाद पुलिस ने नुकीला बल्लम लाकर कार के दरवाजे को तोडा और उसमें फसे पांचो युवकों को बाहर निकाला गया। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार में सवार सोनीपथ हरियाणा निवासी अंकुश, पारस, अंकित और नवीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी जबकि इस दुर्घटना में विनय नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल था जिसे पुलिस ने आनन-फानन में दून अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया। इस दुर्घटना में हरियाणा के चार युवकों की हुई मौत के बाद उनके लिए आज का संडे ‘ब्लैक संडे’ बन गया। पुलिस कप्तान अजय सिंह ने बताया कि वाहन संख्या एचआर 63 एफ -5353 ट्रोला के चालक आफताब को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि ट्रोले का चालक सहारनपुर देहात कोतवाली का रहने वाला है और उससे इस दुर्घटना की सारी सच्चाई पता करने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।

