ओवर रेटिंग का रहस्यमय ‘खेल’

0
109

ओवररेट में झूमे जाम, फिर चले लात और मुक्कों की शाम
बोतल के बढ़े दाम, मसूरी में बवाल का जाम
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड़ की अस्थाई राजधानी में आये दिन शराब की किसी न किसी दुकान पर ओवररेटिंग किये जाने का शोर मचने लगता है और इससे सरकार और सिस्टम पर सवालिया निशान लगते आ रहे हैं कि आखिरकार शराब की दुकानों में काफी सेल्समैन इतने पॉवरफुल कैसे हो गये हैं कि वह बेधड़क शराब की बोतलों पर खुलेआम ओवररेटिंग का खेल खेलने में माहिर हो रखे हैं? ओवररेटिंग का रहस्यमय खेल आखिरकार किसके इशारे पर चलता आ रहा है यह आज भी एक पहेली बना हुआ है लेकिन सवाल यही है कि क्या सरकार और सिस्टम से कुछ सेल्समैन बडे हो चुके हैं जो अपनी दुकानों पर ग्राहकों से अधिक पैसा वसूलकर उन्हें खुली चुनौती देने के एजेंडे पर आगे बढे हुये हैं। गजब की बात है कि शराब की ओवररेटिंग पर नकेल लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने आदेश दिये हुये हैं लेकिन यह आदेश राजधानी के अन्दर कैसे हवाहवाई हो रहे हैं यह एक बडा प्रश्न खडा हो रहा है? सवाल तैर रहे हैं कि आखिरकार आबकारी महकमा उन दुकानों पर अपना शिकंजा क्यों नहीं कस पा रहा जो ग्राहकों से शराब की बोतल पर अधिक दाम वसूलकर सरकार की छवि को दाग लगाने में लगे हुये हैं? शहर में तो ओवररेटिंग को लेकर सिर्फ नोकझोंक होती हुई देखी जाती है लेकिन पहाडों की रानी मसूरी में शराब की बोतल पर ओवररेटिंग को लेकर ऐसा भूचाल मचा कि वहां सडक पर ही सरेआम तांडव मच गया और यह तांडव खूनी खच्चर का रूप ले गया। तांडव इतना बडा था कि शराब की बोतलें सिर पर मारी गई और चाकू तक निकालकर गुंडई की सारी हदें पार कर दी गई और पर्यटन नगरी में ओवररेटिंग को लेकर जो खूनी तांडव पर्यटकों ने देखा उससे सवाल खडे हुये कि आखिरकार ओवररेटिंग का रहस्यमय खेल आखिर किसके इशारे पर हो रहा है जिसके चलते शराब के कुछ दुकानदार बाहुबली बने हुये हैं?
पहाड़ों की रानी मसूरी में शराब की दुकानदार में ओवररेटिंग को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा. इस मौके पर कुछ लोग घायल भी हुए। बताया जा रहा है कि मसूरी घंटाघर स्थित बियर की दुकान पर कुछ युवक बियर लेने गए, जिस पर दुकानदार द्वारा ओवर रेट मांगा जा रहा था, जिसका युवकों द्वारा विरोध किया गया और इसी बात को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच में झगड़ा हो गया। जिससे दो युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस एसआईआई किशन कुमार सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और बमुश्किल से भीड़ को शांत किया गया। पुलिस द्वारा बताया गया कि शराब की ओवररेटिंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था, इसमें कुछ लोगों घायल हुए हैं। वहीं गुस्साए युवकों द्वारा शराब की दुकान के अंदर भी तोड़फोड़ की है और दुकान का शटर तोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। ऐसे में मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जो लोग बेवजह मसूरी में अराजकता का माहौल उत्पन्न कर रहे हैं उनको किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बीते देर रात को दोनों पक्षों की तरह से मसूरी पुलिस कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने कहा कि दोनों तहरीर का अवलोकन किया जाएगा व शराब की दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी को भी खंगाला रहा है।
पीड़ित युवकों ने बताया कि शराब के दुकानदार द्वारा अक्सर शराब में ओवर रेट लिए जाते हैं, जिसका वह लगातार विरोध कर रहे थे और विरोध करने पर दुकानदार द्वारा उन पर हमला कर दिया। जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्होंने मसूरी पुलिस से हमला करने वाले व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं शराब की दुकान के सेल्समैन ने कहा कि युवाओं द्वारा शराब की बोतल में डिस्काउंट मांगा जा रहा था, जिसको लेकर उन्होंने रूपये 10 का डिस्काउंट कर दिया था। जिसके बाद भी युवक हंगामा करने लगे और बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप लगाया कि युवकों द्वारा उन पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा था। जिस कारण विवाद हो गया। अब सवाल उठ रहा है कि अगर शराब की बोतलों पर ओवररेटिंग हो रही है तो ओवररेटिंग के इस काले धंधे को आखिर रोकेगा कौन?

LEAVE A REPLY