देहरादून(संवाददाता)। नए साल पर हर एक पर्यटक स्थल, मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली । हर जगह लोगो का ताता लगा रहा। हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर भक्त गंगा स्नान के लिए पहुंचे। उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर भी रौनक रही। मसूरी, नैनीताल, ऋषिकेश सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ लगी रही। देहरादून के राजपुर रोड स्थित साईं मंदिर में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। नैनीताल के नयना देवी मंदिर में नए साल के पहले दिन पर्यटक व स्थानीय लोग दर्शन के लिए पहुंचे। वहीं पर्यटकों की भीड़ पहुंचने से हल्द्वानी के काठगोदाम में कई बार लंबा जाम लगने की स्थिति बन गई।चंपावत जिले में मां पूर्णागिरी मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। हल्द्वानी के कालू सिद्ध बाबा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।तीर्थनगरी ऋषिकेश में नव वर्ष के पहले दिन पर्यटक स्थलों पर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से पर्यटक पहुंचे। इससे पहले नव वर्ष की पूर्व संध्या पर पहली बार न्यू एज म्यूजिक फेस्टिवल में विभिन्न देशों के कलाकारों ने योग, ध्यान, आध्यात्म और संगीत के अद्भुत सम्मिश्रण के साथ अपनी प्रस्तुतियां दी। देर रात तक संगीत की धुन पर झूमते हुए श्रोताओं ने नववर्ष का स्वागत किया नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटकों के उमडऩे से रिसार्ट शतप्रतिशत फुल व होटल 6० प्रतिशत बुक हैं। छावनी बाजार में भी रौनक है। हालांकि, बर्फबारी न होने के कारण इस बार पिछले साल के मुकाबले कम पर्यटक आने पर होटल व्यवसायी कुछ निराश दिखाई दिए। पिछले वर्ष बर्फबारी होने की वजह से हजारों की संख्या में पर्यटक चकराता पहुंचे थे, परंतु इस वर्ष पर्यटकों की आमाद में कमी देखी गई।