अल्मोडा(संवाददाता)। जनपद के पुलिस कप्तान ने नशा तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन चला रखा है और उनका हंटर इतनी तेजी से चल रहा है कि एक-एक नशा तस्कर सलाखों के पीछे पहुंच रहा है। कप्तान के चलाये ऑपरेशन में जहां गांजे की तस्करी करने वालों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचाया वहीं युवा पीढी को अपने मकडजाल में फंसाकर उन्हें स्मैक बेचने वाले एक नशा तस्कर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। कप्तान का कहना है कि युवाओं की रगों में जहर घोलने वाले सौदागरों को बक्शा नहीं जायेगा।
पुलिस कप्तान प्रदीप राय ने नशा तस्करों को दबोचने के लिए जहां पुलिस टीमों को मैदान में उतार रखा है वहीं एसओजी टीम भी नशा तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन चला रही है। कप्तान ने बताया कि आज एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बेस तिराहे पर जब चैकिंग का अभियान चलाया तो एक युवक को संदिग्ध अवस्था में जाते देखा इस पर पुलिस ने उसे दबोचकर जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से लगभग तीन लाख रूपये की स्मैक बरामद हुई। कप्तान ने बताया कि जल्द और अधिक लाभ प्राप्त करने की चाह में यह तस्कर युवाओं की रगों में जहर घोलने के लिए नशे का कारोबार कर रहा था और इसका फोकस युवाओं पर ही था इसका मकसद नशे का सामान बेचकर युवाओं को नशे का आदी बनाना था। नैनीताल हल्द्वानी निवासी 19 वर्षीय संजय टम्टा ने जल्द पैसे कमाने की लालसा में नशे के काले कारोबार को अपना धंधा बना लिया था। वहीं सल्ट थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ वाहनों की चैकिंग के दौरान एक वैगनआर डीएल3सीसीएल-4429 को रोककर जब उसकी चैकिंग की तो उसमें सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की तो उनके पास से प्लास्टिक के तीन कट्टे बरामद हुये जिसमें 23 किलो 5०० ग्राम गांजा भरा हुआ था जिसकी कीमत साढे तीन लाख बताई जा रही है। पुलिस कप्तान प्रदीप राय ने बताया कि नशा तस्करों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि यह गांजा उनके द्वारा जंगल व खेतों से स्वयं इक्_ा कर अधिक दामों में बेचने के लिए दिल्ली व रामनगर ले जा रहे थे। आरोपी देवेन्द्र सिंह रावत ड्राइवर है जो सराई खेत दिल्ली गाडी चलाता है तथा आरोपी पंकज सिंह नेगी का दिल्ली में भी घर है जो दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। पुलिस कप्तान ने गांजा पकडने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार रूपये इनाम देने की घोषणा की।
