देहरादून(नगर संवाददाता)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महंगाई मुक्त भारत अभियान के आहवान पर बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस जनों केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। इस अवसर पर धरने में गैस सिलेंडर, सब्जियों और अन्य खाद्य सामाग्रियों को भी प्रदर्शित किया गया। यहां महानगर कांग्रेस कमेटी के महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा व निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांधी पार्क पहुंचे और वहां पर उन्होंने महंगाई मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार बढोत्तरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस, बिजली, पानी व खाद्य सामाग्रियों की बढती कीमतों से सबसे ज्यादा चोट गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को लग रही है और आम जन के हितों के प्रति समर्पित कांग्रेस पार्टी महंगाई के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वर्तमान चकराता विधायक प्रीतम सिंह का कहना है कि बेरोजगारी को मद्देनजर रखते हुए सरकार को महंगाई पर लगाम लगानी चाहिए जिससे कि पहले से ही त्रस्त हो रही जनता को और मुश्किलों का सामना ना करना पड़े । सरकार के द्वारा इतने कम समय में इतनी अधिक महंगाई बढ़ाना एक बेहद ही निंदनीय कदम है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि पूरे देश एवं प्रदेश में निरंतर रूप से बढ़ रही महंगाई के विरुद्ध धरना प्रदर्शन दिया गया । देश एवं प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई के खिलाफ कॉन्ग्रेस अब सक्रिय हो चुकी है और लगातार सरकार से अपनी बात मनवाने और महंगाई को नियंत्रण में लाने हेतु समय-समय पर धरने प्रदर्शन करने लगी है । उन्होंने कहा कि जिस तरह चुनाव निपटने के बाद सरकार के द्वारा निरंतर रूप से महंगाई बढ़ाई जा रही है, अचानक से पेट्रोल के दाम दिन बर दिन बढ़ते जा रहे हैं, सिलेंडरों के दाम का बढऩा और शिक्षा दीक्षा से जुड़ा पठन सामग्री के दामों में इतने कम अंतराल में इजाफा होने से कॉन्ग्रेस ने अब सरकार को साफ तौर से यह दर्शाया कि अगर जल्द से जल्द महंगाई को नियंत्रण में ना लिया गया तो उनका यह प्रदर्शन आक्रोशित रूप भी ले सकता है।
इस अवसर पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने भी धरने में सरकार द्वारा बढ़ाई जा रही महंगाई के विरुद्ध अपना विरोध प्रकट किया और बताया कि किस तरह से खाद्य सामग्री, पेट्रोल और सिलेंडर जैसी आवश्यक सामग्रियों पर बढ़ रही महंगाई से आम जनता की जेब कट रही है और इसका अंदाजा सरकार नहीं लगा सकती । कांग्रेस द्वारा महंगाई के खिलाफ धरने में समस्त कांग्रेस जन एवं आम जनता भी शामिल रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि आज बाजार में कोई भी चीज ऐसी नहीं जिस के दाम आसमान पर ना चढ़े हो बात चाहे पेट्रोल की हो या फिर गैस के सिलेंडर की हो पठन पाठ की सामग्री की हो या फिर रोजमर्रा की जिंदगी में उपयोग होने वाले हर छोटी या बड़ी चीज की हो, कोई भी वस्तु का दाम आज उस रेखा के अंदर नहीं है कि आम आदमी उसे खरीद पाए । इस अवसर पर धरने में सरकार द्वारा बढ़ाई जा रही महंगाई के खिलाफ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा के साथ गोदावरी थापली, प्रदेश प्रवक्ता एल.पी रतूड़ी, डॉ. प्रतिमा सिंह, पार्षद डॉ विजेंद्र पाल सिंह, दीप वोहरा, पार्षद निखिल कुमार, कोमल वोहरा, सविता सोनकर, अशोक कुमार , दीपक थापा, संजय काला, विक्की, मुकेश सोनकर, आरुषि सुंदरियाल, मनोज फुलारा, सावित्री थापा अमीचंद सोनकर, अशोक शर्मा, यश रतूड़ी आदि अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
