प्रधानमंत्री की चुनावी रैलियों से भाजपा में जोश

0
167

किरन शर्मा
देहरादून। उत्तराखण्ड में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा व कांग्रेस आमने-सामने आ रखे हैं और कांग्रेस का दावा है कि भाजपा के खिलाफ राज्य में लहर चल रही है और राज्य की जनता कांग्रेस को सत्ता सौंपने के लिए तैयार बैठी है। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दावा है कि उत्तराखण्ड में एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू चलेगा और जब वह गढवाल व कुमांऊ में तीन रैलियां करेंगे तो उससे भाजपा के पक्ष में एक बडा माहौल तैयार होगा और भाजपा को एक बार फिर प्रदेश के अन्दर प्रचंड बहुमत मिलेगा और जो कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने का दावा कर रही है वह दावा राज्य के अन्दर टॉय-टॉय फिस्स हो जायेगा क्योंकि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखण्ड के विकास को लेकर एक बडा खाका बनाया है और उसी विकास को जब देश के प्रधानमंत्री आवाम के सामने रखेंगे तो राज्यवासियों के मन में मोदी को लेकर फिर एक बडी आस्था जगेगी और वह राज्य में कमल खिलाने के लिए बडे पैमाने पर आगे आयेगी।
उत्तराखण्ड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भले ही कांग्रेस राज्यभर में ढोल पीट रही हो कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और भाजपा का राज्य से सफाया होना तय है। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विश्वास है कि चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री की गढवाल व कुमांऊ में होने वाली तीन रैलियों से राज्य में एक बार फिर बडा करिश्मा देखने को मिलेगा क्योंकि आवाम के दिलों में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भी राज करते हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी साफ मानना है कि विधानसभा चुनाव उत्तराखण्ड का भविष्य तय करेगा। प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड को विकास के पहले पायदान पर लाने के लिए बडा विजन तैयार किया हुआ है और राज्यवासियों को भी इस बात का इल्म है कि केन्द्र में भाजपा सरकार के मौजूद होने के कारण उत्तराखण्ड का बडा विकास सम्भव है इसलिए चुनाव के आखिरी दौर में होने वाली प्रधानमंत्री की रैलियों को लेकर भाजपा में एक बडा जोश देखने को मिल रहा है और उन्हें पूर्ण उम्मीद है कि जिस तरह से 2०17 में मोदी लहर में उत्तराखण्ड के अन्दर भाजपा ने बडी फतह की थी उसी लहर का असर इस विधानसभा चुनाव में भी निश्चित देखने को मिलेगा और राज्य में 21 साल से चले आ रहे सारे मिथक टूट जायेंगे और प्रदेश के अन्दर एक बार फिर कमल खिलेगा।
उत्तराखण्ड में राज्य की जनता ने 2०17 में भाजपा को डबल इंजन की सरकार सौंपी थी लेकिन भाजपा के दो पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत के शासनकाल से राज्य की जनता के मन में भाजपा सरकार को लेकर इतनी नाराजगी और नफरत पैदा होने लगी कि भाजपा हाईकमान को राज्य के अन्दर अपना तीसरा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रूप में उतारने के लिए आगे आना पडा। दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के राजपाठ से भाजपा का ग्राफ इतना निचले पायदान पर आ गया था कि अगर इनके नेतृत्व में विधानसभा चुनाव का बिगुल भाजपा हाईकमान को बजाने के लिए आगे आना पडता तो इसमें कोई दो राय नहीं थी कि भाजपा मात्र कुछ विधानसभा सीटों पर ही सिमट कर रह जाती? पुष्कर ंिसह धामी ने अपने छह माह के कार्यकाल में राज्य के अन्दर जिस तरह से राज्यवासियों का दिल जितने का काम किया उससे राज्य के अन्दर भाजपा के खिलाफ चली आ रही नाराजगी काफी हद तक हवा-हवाई हो गई और उसी के चलते कांग्रेस के बडे-बडे दिग्गज नेताओं के अरमानों पर पानी फिरने लगा कि जिन दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के शासनकाल को लेकर उन्हें अपनी सत्ता में वापसी का रास्ता आसान नजर आ रहा था उस रास्ते में पुष्कर सिंह धामी ने मात्र छह माह में आकर जिस तरह से कांटे ही कांटे बिछा दिये हैं उससे विधानसभा चुनाव में जीत का सेहरा उनके सिर पर किस तरह बंधेगा यह एक मानसिक पीडा अब कांग्रेस के चंद दिग्गज नेताओं में होने लगी है?
पुष्कर सिंह धामी ने छह माह में जिस तरह से स्वच्छ प्रशासन देने की दिशा में अपने कदम आगे बढाये उससे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पुष्कर सिंह धामी को अपना सखा बना लिया और कुछ माह पूर्व उन्हें अपनी रैलियों में खुला आशीर्वाद देकर उन्हें चुनावी रणभूमि मेें जीत दिलाने का बिगुल बजाकर कांग्रेस में हलचल पैदा कर दी थी। उत्तराखण्ड में भले ही दावा किया जा रहा हो कि कांग्रेस व भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है लेकिन पुष्कर सिंह धामी को एक बार फिर मुख्यमंत्री का ताज पहनाने के लिए अब चुनावी रणभूमि में नरेन्द्र मोदी खुद उतर आये हैं और दस फरवरी को गढवाल के श्रीनगर में नरेन्द्र मोदी रैली करेंगे तो ग्यारह फरवरी को वह कुमांऊ के रूद्रपुर और अल्मोडा में पर उनकी करिश्माई रैलियों पर समूची भाजपा की नजरें जा टिकी हैं। पुष्कर ंिसह धामी का कहना है कि समूचे विश्व में आज भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र ंमोदी का राजनीति में बडा डंका पिट रहा है और देश के अन्दर आवाम के दिलों में नरेन्द्र मोदी आज भी राज करते हैं और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उत्तराखण्ड में होने वाली नरेन्द्र मोदी की रैलियों में उनके विजन को समझकर राज्य की जनता एक बार फिर उत्तराखण्ड में कमल खिलाने के लिए आगे आने को आतुर हो जायेगी।

LEAVE A REPLY