वरिष्ठतम विधायक हरबंस कपूर के निधन से शोक की लहर

0
174

देहरादून(संवाददाता)। भाजपा के वरिष्ठतम विधायक हरबंस कपूर के निधन पर प्रदेश भर में शोक की लहर है और सभी राजनैतिक दलों व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर जाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट देहरादून के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हरबंस कपूर के आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरबंस कपूर राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। उन्होंने कहा कि लगातार आठ बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है। वहीं दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व कैंट से आठ बार के विधायक हरबंस कपूर के आकस्मिक निधन पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गहरा दु:ख व्यक्त किया। इस अवसर पर जोशी ने कहा कि मैं आज जो भी हूँ, सब कपूर साहब का आशीर्वाद है।
इस अवसर पर उत्तराखंड के वरिष्ठ विधायक, पूर्व मंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के आकस्मिक निधन होने पर प्रदेश के सैनिक कल्याण एवं उद्योग मंत्री गणेश जोशी ने शोक व्यक्त किया है। मंत्री जोशी के कहा कि वह मेरे गुरु थे, मैं आज जो हूँ, वह सिर्फ कपूर साहब का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि कपूर साहब का निधन भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने प्रभु से प्रार्थना की है कि पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देते हुए शोकाकुल परिवारजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सह प्रभारी दीपिका पांडे, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजनों ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व आठ बार के विधायक रहे हरबंस कपूर के आकस्मिक निधन का समाचार मिलने पर बसंत विहार स्थित उनके निवास पहुंचकर उनकी पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने इसके साथ ही उनके परिजन के समक्ष संवेदना व्यक्त कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस अवसर परपार्षद अमिता सिंह, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम डा. बिजेन्द्र पाल सिंह सहित अनेक भाजपा व कांग्रेस के पार्षदों ने स्वर्गीय कपूर के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये और शोक संतप्त परिवार को ढाढस बंधाया। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सीताराम भटट, महामंत्री सतेन्द्र सिंह नेगी, रतन सिंह चौहान सहित अनेक पदाधिकारियों ने स्वर्गीय कपूर को श्रद्धासुमन अर्पित किये। वहीं सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों ने स्वर्गीय हरबंस कपूर के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को ढाढस बंधाया।

LEAVE A REPLY