सितारगंज(संवाददाता)। विधायक सौरभ बहुगुणा ने शक्तिफार्म के ग्रामीणों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में मुलाकात कर विभिन्न मांगे रखी। जिनमें शक्तिफार्म उप तहसील निर्माण, जाति प्रमाण पत्र से पूर्वी पाकिस्तान शब्द हटाने समेत क्षेत्र के विकास को लेकर वार्ता हुई। मुख्यमंत्री ने शक्तिफार्म में उप तहसील बनाने को लेकर मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही जाति प्रमाण पत्रों से तत्काल पूर्वी पाकिस्तान शब्द हटाने के अधीनस्थों को निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम ने नगर पालिका क्षेत्र में कच्ची और क्षतिग्रस्त आंतरिक 5 किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाने का भरोसा दिया है।
विधायक सौरभ बहुगुणा ने शक्तिफार्म के ग्रामीणों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से क्षेत्र के विकास को लेकर मुलाकात की। उन्होंने सीएम को बताया कि तहसील से जारी जाति प्रमाण पत्र में पूर्वी पाकिस्तान शब्द अंकित किया जा रहा है। पूर्वी पाकिस्तानी शब्द को शक्ति फार्म के ग्रामीण जाति प्रमाण पत्र से हटाना चाहते हैं। जिसका हटाये जाना भी बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अब से जाति प्रमाण पत्रों पर पूर्वी पाकिस्तान शब्द लिखकर नहीं आएगा। विधायक सौरभ बहुगुणा और ग्रामीणों की मांग पर सीएम धामी ने शक्तिफार्म क्षेत्र में उप तहसील निर्माण की मंजूरी दे दी है। शक्ति फार्म में उप तहसील का निर्माण होने के बाद ग्रामीणों को तहसील संबंधित कार्य के लिए 1० किलोमीटर दूर सितारगंज नहीं दौडऩा पड़ेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सितारगंज नगर पालिका क्षेत्र की कच्ची क्षतिग्रस्त आंतरिक 5 किलोमीटर सड़कों के निर्माण के लिए हरी झंडी दी है। इसके बाद शहरी क्षेत्र में जल क्षतिग्रस्त कच्ची सड़कों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। सितारगंज, शक्तिफार्म क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपए की सौगात और लंबित मांगे पूरी होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और विधायक सौरभ बहुगुणा का आभार जताया है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कार्तिक राय, गोपाल सरकार, सभासद रवि रस्तोगी, संजय बछाड, देबू मंडल, मयंक अग्रवाल, विधान दास, राधेश्याम, राजपाल, मोनू शर्मा मीनाक्षी , लिनिमा मंजूमदार आदि मौजूद थे।
