मुख्य चुनाव आयुक्त एक दल विशेष को पहंुचा रहे फायदा
अंकिता को न्याय दिलाने तक जारी रहेगा आंदोलन
नगर संवाददाता
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा है कि पिछले कुछ समय से देश में तूफान उठ रहा है, जिसको देश की जनता ने जमीन पर भी देखा और दिल्ली एसआईआर को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्य एवं उनकी कार्यशैली को लेकर लोगों के मन में सवाल पैदा हो रहे है और एक दल को चुनाव में विशेष रूप से फायदा पहंुचाने का काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से वोट चोरी के मामले को उठा रहे थे और जो सच साबित हुए है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में एसआईआर को लेकर कई सवाल उठ रहे है।
यहां हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि दो चुनाव आयुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट नजर आए और उन्होंने स्वयं ही इसका खुलासा किया। सैलजा ने कहा है कि चुनाव आयुक्तों ने आरोप लगाया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त निष्पक्ष रूप से काम नहीं कर रहे है और आखिरकार वह किसके इशारे पर काम कर रहे है क्योंकि सर्वसम्मति से कोई फैसले नहीं हो रहे है। उन्होंने कहा प्रदेश एसआईआर को लेकर क ई सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को अपनी बात रखने से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार तानाशाह बनी हुई है। अंकिता भंडारी मामले में संदिग्ध वीआईपी को राज्यपाल बनाया जा रहा है जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि दुष्यंत गौतम को सिक्किम में भी राज्यपाल का विरोध सिक्किम में भी हो रहा है। कांग्रेस लगातार विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि दून में लोकभवन कूच, बाइक रैली, कैडिल मार्च निकाले गए है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को पत्र भेजा है। सैलजा ने कहा है कि केंद्र सरकार के लिए उत्तराखंड का कोई मान सम्मान नहीं है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार बढ़ा है। सैलजा ने कहा है कि भू माफिया व खनन माफिया हावी है। प्रदेश में लगातार बेरोजगारी बढ़ रही है। सरकार के पास रोजगार की कोई स्पष्ट नीति नहीं है और पेपर लीक होने से युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। पलायन बढ़ रहा है और गांव के गांव खाली जा रहे है। उन्होंने कहा कि जिसे भूतिया गांव की संज्ञा दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा चढ़ावा चोरी, आस्था और प्रदेश की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है। जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा उन्होंने कहा कि इन तमाम मुद्दों को लेकर कांग्रेस हमलावर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में न्याय यात्रा निकाल कर मुद्दों को जन जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैरसैंण में दो दिवसीय सत्र 27 व 28 अक्टूबर को किया जा रहा है और 27 को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुष्यंत गौतम के शपथ ग्रहण समारोह का पुरजोर तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन में अंकिता भंडारी हत्याकांड व दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने सहित अनेक मुददों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 22 से 25 अक्टूबर तक न्याय यात्राएं निकालकर जनता को जागरूक करने का काम किया जाएगा और जन जन तक विधानसभा स्तर पर यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि एक नवंबर को सीईसी मामले को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि चार नवंबर को राज्य में बड़े स्तर पर व्यापक रूप से उत्तराखंड की जमीनों को बेचे जाने और जमीनों की नीलामी के विरोध में प्रदेश मुख्यालयों व जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 16 से 30 नवंबर के कार्यक्रमों की बाद में घोषणा की जाएगी। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं रह गया है और एसआईआर, ईवीएम और बेलेट पेपर से चुनाव राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उठा रहे है। उन्होंने कहा कि जेएनयू के प्रोफेसर व सांसद पर यौन उत्पीड़न की जांच कांग्रेस की ओर से चल रही है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी, विधायक सुमित हृदयेश को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है और उनका अहित नहीं होने देगी और मामले को सदन में भी उठाया जाएगा। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, जी एस सप्पल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष व विधायक प्रीतम सिंह, उपनेता भुवन कापड़ी, विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, सुजाता पॉल, राजीव महर्षि, गरिमा दसौनी, शीशपाल सिंह बिष्ट, डा. जसविंदर सिंह गोगी सहित अनेक कांग्रेसी मौजूद रहे।
कांग्रेस की सरकार बनने पर किसी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ेंगे
देहरादून (नगर संवाददाता)। कुमारी सैलजा ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के भ्रष्टाचार का मामला उठाते हुए कहा यह भ्रष्टाचार प्रदेश सरकार की नाक के नीचे हुए है और सरकार मौन रही। कांग्रेस की सरकार बनने पर किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जब महिला सशक्तीकरण मंत्री सुरक्षित नहीं है तो उत्तराखंड में महिलाएं कैसे सुरक्षित रह सकती है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए घोटाले का आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू ने दो सौ दस करोड़ रूपये की अवैध रूप से है और अब अंदर की बात अब बाहर निकल कर आ रही है। उन्होंने कहा कि इस भ्रष्टाचार में और भी शामिल होंगे जिनके नाम भी सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि मिड डे मील में घोटाला, राष्ट्रीय खेलों में जमकर घोटाला किया गया और प्रदेश सरकार मौन रही। यह चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मंत्री पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर बिंदु पर जांच की जाएगी और दोषियों को सजा देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ेगी।


/>



/>