डोबाल का ऑपरेशन कालनेमि

0
8

सैकडों लोगों को ठगने वाले शैतान दबोचे
वशीकरण का मायाजाल और ठगी का शातिर खेल
देहरादून। पुलिस कप्तान की सख्त रणनीति के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि में पटेलनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तंत्र-मंत्र, वशीकरण और ज्योतिष के नाम पर लोगों की परेशानियां दूर करने का झांसा देकर ठगी करने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 100 से अधिक लोगों से ठगी करने की बात स्वीकार की है। गिरोह के बैंक खातों और ठगी से जुड़ी धनराशि की जांच जारी है।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान 12 अक्टूबर की रात पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ को सूचना मिली कि चमन विहार क्षेत्र में किराये पर रहने वाले दो युवक वशीकरण के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चमन विहार फेज-1 स्थित आशियाना होम्स में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य, शास्त्री और तांत्रिक बताकर विज्ञापन प्रसारित करते थे। इन विज्ञापनों में पारिवारिक विवाद, प्रेम संबंध और अन्य परेशानियों का तांत्रिक उपायों से समाधान कराने का दावा किया जाता था। आरोपी अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर केवल मोबाइल नंबर के माध्यम से लोगों के संपर्क में आते थे और समस्याएं दूर करने के बहाने उनसे रुपये ऐंठते थे।
छापेमारी में पुलिस को अलग-अलग नामों के आठ आधार कार्ड, दस एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक वोटर कार्ड, दो भरे हुए चेक, एक सिम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दिलनवाज और मोहम्मद भूरा के नाम से भी फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किए जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख (26 वर्ष), निवासी ग्राम चित्तौड़, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर और सलमान (24 वर्ष), निवासी मोहल्ला राजौवाला, शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों करीब डेढ़ महीने से चमन विहार क्षेत्र में किराये पर रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 753/2026 के तहत बीएनएस की धारा 3(5), 318(4), 336(3), 338 और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, कांस्टेबल राजदीप मलिक, विक्रांत, अरशद और पंकज शामिल रहे। पुलिस आरोपियों से जुड़े बैंक खातों, लेनदेन और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY