एक अक्टूबर को बडे प्रदर्शन का अल्टीमेटम
मासूम के खिलाफ उत्तराखण्ड में विरोध तेज
देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विरोध तेज हो गया है। विभिन्न सामाजिक और जन-संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं तथा युवाओं ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के रायपुर स्थित कार्यालय पहुंचकर कार्यक्रम रद्द करने की मांग उठाई है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया तो एक अक्टूबर को रायपुर स्टेडियम के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर सीएयू के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित डोभाल के माध्यम से एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहरा को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि क्रिकेट के बड़े मंच पर ऐसे कलाकार को बुलाने के फैसले पर एसोसिएशन को पुनर्विचार करना चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ता मोहित डिमरी ने आरोप लगाया कि मासूम शर्मा पूर्व में देहरादून के एक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देने के विवाद में रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शर्मा के कई गीतों में हिंसा, हथियार और गन कल्चर को प्रमुखता मिलती है। डिमरी ने स्पष्ट किया कि विरोध किसी प्रदेश या वहां के कलाकारों को लेकर नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सभी राज्यों के कलाकारों का स्वागत करता है, लेकिन हिंसा, गन कल्चर, अभद्रता और फूहड़ता को बढ़ावा देने वाली संस्कृति को यहां मंच दिए जाने का विरोध किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने सीएयू को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मासूम शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द नहीं किया गया तो एक अक्टूबर को बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता रायपुर स्टेडियम पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे। अब पूरे मामले में निगाहें क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अगले कदम पर टिकी हैं। एक तरफ यूपीएल का आयोजन है तो दूसरी तरफ मासूम शर्मा के कार्यक्रम को लेकर विरोध का स्वर तेज होता जा रहा है। ऐसे में एक अक्टूबर से पहले सीएयू क्या फैसला लेता है, यह अहम होगा। ज्ञापन देने वालों में मोहित डिमरी, आशीष नौटियाल, कनिष्क जोशी, आर. पैन्यूली, गगन बौड़ाई और अक्षय पुरोहित समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।