डोबाल की घेराबंदी में दबोचा गया प्रियांशु

0
9

नाला पानी में महिला को जबरन गाडी में बैठाने का किया था दुसाहस
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में महिला को जबरन वाहन में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियांशु (19) को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। घटना के बाद पुलिस कप्तान के निर्देश पर गठित पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस के मुताबिक घटना के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को सुषमा शर्मा ने रायपुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि नालापानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 394/26 में बीएनएस की धारा 126(2), 140(3), 61(2) और 62 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले एक महिला आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की। पूछताछ में पैसों के लेन-देन के विवाद में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने का दावा पुलिस ने किया। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गईं। पुलिस टीम ने आज मुख्य आरोपी प्रियांशु पुत्र स्व. सुखपाल, निवासी अन्नकी, रोशनाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार को नवोदय नगर, हरिद्वार के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसका मूल पता ग्राम नगला एहमाद, थाना मंगलौर, हरिद्वार है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में प्रियांशु ने बताया कि उसके साथी दीपक का सुषमा से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। दीपक के कहने पर वह आदित्य और लक्की के साथ महिला को डराने के लिए देहरादून आया था। पुलिस अब घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में अ.उ.नि. सुनील रावत, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, प्रेम पावर, कांस्टेबल मनोज और एसओजी देहरादून के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।

LEAVE A REPLY