एक क्लिक में श्रमिक परिवारों को दी सौगात
देहरादून। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 10,709 पात्र लाभार्थियों के खातों में 18.49 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए हस्तांतरित किए। इनमें शिक्षा, पुत्री विवाह, प्रसूति और मृत्युपरांत सहायता के लाभार्थी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समय पर पहुंचे। स्वास्थ्य जांच के दौरान जिन श्रमिकों में बीमारी की पहचान हुई है, उनका स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर उपचार भी सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों के श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने और जनपदवार कवरेज की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। जारी सहायता में 8,083 लाभार्थियों को शिक्षा, 2,354 को पुत्री विवाह, 177 को मृत्युपरांत और 95 को प्रसूति संबंधी सहायता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए विभागों को जनसुविधा और जनसेवा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा। श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, परिवारों के पोषण, महिलाओं के स्वास्थ्य और कार्यस्थलों पर स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। बैठक में बताया गया कि बोर्ड अब तक श्रमिक परिवारों को 83,319 शिक्षण, स्वच्छता और पोषाहार किट वितरित कर चुका है। श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत 20,527 स्क्रीनिंग और 2.32 लाख से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए हैं। वहीं, लेबर सेस कलेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (एलसीसीएमएस) से 21,200 प्रतिष्ठानों का ऑनलाइन पंजीकरण हुआ है और सेस संग्रह में 47.21 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस प्रणाली को वर्ष 2025 में ई-गवर्नेंस श्रेणी में स्कोच गोल्ड अवॉर्ड मिल चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण श्रमिक राज्य के विकास की अहम कड़ी हैं और सरकार की प्राथमिकता उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है।