हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ पर कांग्रेस का हल्लाबोल

0
8

भाजपा की भेदभाव वाली मानसिकता का हो शुद्धिकरण होः कांग्रेस
राज्यभर में कांग्रेसियों ने थाने-चौकियों में मुकदमा दर्ज करने की दी तहरीर
देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के उपरांत वहां का शुद्धिकरण किए जाने के प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने आज प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराकर थाने, कोतवालियों, रिपोर्टिंग चौकियों में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। हल्द्वानी शुद्धिकरण पर कांग्रेस का हल्लाबोल उत्तराखण्ड की राजनीति में एक नई तपिश ले आया। कांग्रेस के कुछ बडे नेताओं ने थाने व चौकियों में जाकर शुद्धिकरण के खिलाफ तहरीर दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के लिए मुकदमा दर्ज करने की मांग बुलंद की। कांग्रेस के इस हल्लाबोल से उत्तराखण्ड का राजनीतिक तापमान एकाएक ऊफान पर आ गया है और यह मामला अब राज्य से लेकर दिल्ली तक में एक भूचाल लाने का संकेत दे रहा है।
यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर कांग्रेस के जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की कोतवालियों, थानों एवं पुलिस रिपोर्टिंग चौकियों में पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर लिखित तहरीर दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष समाज में किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के नेता की उपस्थिति के बाद सार्वजनिक मंच का ‘शुद्धिकरण’ करना न केवल सामाजिक सौहार्द के विरुद्ध है, बल्कि यह संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का भी अपमान है।

शुद्धिकरण पर थानों में नेताओं ने डाला डेरा
तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की लगाई हुंकार
विकासनगर/सहसपुर/सेलाकुई/कालसी। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर पछुवादून में कांग्रेस का आक्रोश अब सड़कों से थानों तक पहुंच गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक साथ विकासनगर, सहसपुर, सेलाकुई, कालसी थानों का रुख करते हुए तहरीर दी और कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना को करीब तीन सप्ताह गुजर चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दे उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ कार्रवाई कानून के मुताबिक होनी चाहिए, लेकिन जाति और सामाजिक भेदभाव से जुड़े आरोपों पर भी पुलिस को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। नेताओं ने कहा कि कथित ‘शुद्धिकरण’ जैसी घटनाएं सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस पर भी राजनीतिक हमला बोला। नेताओं ने कहा कि देश किसी कथित मनुवादी सोच से नहीं, बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान से चलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान, सामाजिक न्याय और समानता के मुद्दे पर कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है। विकासनगर थाने में पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात और जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। सहसपुर थाने में संजय किशोर, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग ताहिर अली, गुलजार अहमद और विपुल जैन समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। सेलाकुई थाने में भी जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर, आर्येंद्र शर्मा, ताहिर अली समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस मुद्दे को आगे भी जोरदार तरीके से उठाएगी।

LEAVE A REPLY