रक्षा बंधन पर बेटियों के भाई बने डोबाल

0
4

कप्तान बोले बेखौफ रहें बेटियां
हर कदम पर दून पुलिस करती रहेगी सुरक्षा
देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर डीएवी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देहरादून के पुलिस कप्तान से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी। छात्राओं ने तिलक लगाकर पुलिस कप्तान की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और भाई के रूप में पुलिस से उनकी सुरक्षा का भरोसा लिया। इस आत्मीय मुलाकात ने पुलिस और बेटियों के बीच विश्वास के रिश्ते को और मजबूत किया।
राखी बंधवाने के बाद पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा देते हुए कहा कि बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे बिना किसी डर और झिझक के अपनी पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्य पर ध्यान दें। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। पुलिस कप्तान ने कहा कि घर से स्कूल तक और स्कूल से घर तक छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर छात्राओं और महिलाओं के साथ अभद्रता या उन्हें परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे तत्काल पुलिस की मदद ले सकती हैं।
इस दौरान छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों और एसपी सिटी को भी राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस कप्तान ने छात्राओं को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की ताकत हैं और उन्हें सुरक्षित, निर्भीक एवं सम्मानजनक माहौल देना सभी की जिम्मेदारी है। रक्षाबंधन के इस अवसर पर डीएवी इंटर कॉलेज की छात्राओं और पुलिस कप्तान के बीच नजर आया यह आत्मीय रिश्ता महज राखी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और विश्वास के मजबूत संकल्प में बदल गया। पुलिस कप्तान ने अपने व्यवहार और संदेश से छात्राओं को यह भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर पुलिस उनके साथ मजबूती से खड़ी मिलेगी।

LEAVE A REPLY