महादेव की शोभायात्रा में उमड़ा सैलाब

0
3

भोले की भक्ति में झूमे हजारों श्रद्धालु
हेलीकाप्टर ने शिवभक्तों पर की फूलों की बारिश
सीएम ने भव्य शोभायात्रा का किया शुभारंभ
देहरादून। टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा आस्था, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम बन गई। टपकेश्वर मंदिर से जैसे ही भगवान भोलेनाथ की शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हर तरफ ‘हर-हर महादेव’, ‘जय-जय भोले’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। भोले की भक्ति में हजारों श्रद्धालु सड़कों पर ढोल नगाड़ों के बीच नृत्य करते हुए जिस अंदाज में चल रहे थे उसे देखकर हर कोई मन मुग्ध हो रहा था। सड़कों पर शिव की बारात जैसा नजारा देखकर हर कोई बम-बम भोले के उद्घोष करता हुआ नजर आया। वहीं शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा का नजारा देखकर ऐसा लग रहा था मानो शहर की सड़कें शिवमय और आस्था के रंग में रंगी हुई थी। वहीं मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव की पूजा अर्चना कर भव्य शोभायात्रा का आगाज किया और उन्होंने प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु जमकर नृत्य करते नजर आए। कई स्थानों पर श्रद्धालु होली खेलते हुए और गुलाल उड़ाते हुए शोभायात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे। युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी भगवान शिव की भक्ति में पूरी तरह डूबे दिखाई दिए। टपकेश्वर मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, इसके मार्ग में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग भगवान शिव के दर्शन और शोभायात्रा की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह भोले बाबा के भंडारे लगाए गए थे। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भोजन की व्यवस्था की गई। भंडारों से उठती सेवा और भक्ति की भावना ने पूरे माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह भगवान शिव के भजन और गीत बजते रहे। जैसे ही शिव भजनों की धुन गूंजी, श्रद्धालु अपने आपको रोक नहीं सके और भक्ति में झूमते नजर आए। ढोल की थाप, डीजे पर बजते शिव गीत, गुलाल की बौछार और लगातार लगते जयकारों ने माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया। शोभायात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साह ऐसा था कि कई स्थानों पर श्रद्धालु घंटों तक सड़क किनारे खड़े होकर यात्रा का स्वागत करते रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर किसी के चेहरे पर भगवान शिव के प्रति आस्था और उत्साह साफ दिखाई दिया। टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा का सबसे आकर्षक पहलू इसका विशाल जनसमूह और भक्तिमय वातावरण रहा। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी, चारों तरफ गूंजते शिव के जयकारे, ढोल-नगाड़ों की गूंज और गुलाल से सराबोर सड़कें ऐसा दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं, मानो साक्षात भगवान शिव की बारात सड़कों पर उतर आई हो। शोभायात्रा के दौरान आस्था का यह विहंगम दृश्य देखने वालों के लिए भी यादगार बन गया। पूरा क्षेत्र भोले की भक्ति में डूबा रहा और हर तरफ सिर्फ एक ही स्वर सुनाई देता रहा हर-हर महादेव।

LEAVE A REPLY