मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर बोला हमला
बीजेपी व आरएसएस ने देश की आजादी के लिए कुछ नहीं किया
कांग्रेस को सिखाते है देशभक्ति पढ़ाने का पाठ
कांग्रेस ने देशहित में काम कर लोकतंत्र व संविधान की रक्षा की
संवाददाता
देहरादून/ हल्द्वानी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि आज का दिन पवित्र है। उन्होंने कहा कि 1942 में फिट इंडिया मूवमेंट की आवाज को महात्मा गांधी ने उठाया था। उन्होंने कहा कि वह आज ही का दिन है और आज के दिन यहां पर इतनी बड़ी जनसभा हो रही है यह खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विजय शंखनाद जो उत्तराखंड से शुरू होगा और आप यहीं से विजयी पाएंगे और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार यहां से बनाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही विकास करने में सक्षम है।
यहां रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो मूवमेंट कांग्रेस पार्टी ने शुरू की और इससे देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि बीजेपी व आरएसएस के लोग तरह तरह की बातें करते है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जो आवाज उठाई डू एंड डाई, अंग्रेजों भारत छोड़ो के नारों से ब्रिटिश सरकार थरथरा गई।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने लोगों को सौगंध देकर सभी को यूनाईट किया। उन्होंने कहा कि लोग एकजुट हुए और ब्रिटिश को यहां की सत्ता से भगा दिया यह कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि बीजेपी व आरएसएस ने देश और देश की आजादी के लिए कुछ नहीं किया और यह दोनों हमें ही देशभक्ति सिखाते है।
उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि असली देशभक्त कांग्रेस के लोग है और बीजेपी व आरएसएस में सिर्फ भगोडे रहे है यह लोग अंग्रेजों की शरण में जाकर उनके चरणों में बैठ गए। खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देशहित में काम किया है और लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, किसानों और युवाओं के मुद्दे उठाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में लाने की अपील जनता से की। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश का विकास करने में केवल कांग्रेस ही समक्ष है।
उन्होंने कहा कि वह एकलंबे समय बाद उत्तराखंड आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के साथ गरीबों, महिलाओं, किसानों और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पदयात्रा का भी उल्लेख किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला।
उन्होंने दावा करते हुए कहा है कि देश में करीब 30 लाख पद खाली हैं, इसके बावजूद उन्हें भरा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो योग्यता और मेरिट के आधार पर बिना पैसे के नौकरी देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. डा. मनमोहन सिंह सरकार के दौरान किसान कर्जमाफी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के हित में काम किया है और सत्ता में आने पर पार्टी अपने वादों को पूरा करेगी।
उन्होंने फूड सिक्योरिटी एक्ट और मनरेगा जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आजादी के आंदोलन में उनका कोई योगदान नहीं रहा, इसके बावजूद वह कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में लाओ और कांग्रेस जनता को बेहतर हुकूमत देने का काम करेगी। उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जिन नेताओं को भाजपा पहले भ्रष्टाचारी बताकर जेल भेजती थी, बाद में उन्हीं नेताओं को पार्टी में शामिल करकेे उन्हें वॉशिंग मशीन से धोकर सभी भ्रष्टाचार मिट जाते है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सरकार ने एक हजार करोड़ रूपये प्रचार प्रसार में खर्च कर दिए। यह जनता की गाढ़ी कमाई है और प्रचार प्रसार में उड़ाए जा रहे है।
उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा की तारीफ करते हुए अल्मोड़ा के रवि टम्टा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रवि टम्टा ने बिना विदेशी मदद के उड़ने वाली कार बनाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभाशाली और मेहनती हैं तथा उन्हें उचित अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1973 में वह पंतनगर यूनिवर्सिटी आए थे, उस समय वह विधायक थे।
उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि और वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि हल्द्वानी से ही कांग्रेस की विजय का शंखनाद होगा और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने उत्तराखंड सहित देश भर में पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन के मुददे को उठाते हुए कहा है कि युवाओं व छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बारे में आरोप लगाते हुए कहा कि पेपर लीक से परेशान युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उन पर पुलिस लाठीचार्ज की कार्रवाई करती है और उन्होंने केंद्र सरकार से पेपर लीक के मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी लेकिन शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना ही उचित नहीं है जबकि गृह मंत्री अमित शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी इस्तीफा होना चाहिए। इसकी कांग्रेस लगातार मांग करती आ रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी दबाव से डरने वाली नहीं है और युवाओं, किसानों, मजदूरों तथा आम लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। जनसभा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, विधायक हरीश धामी और विधायक आदेश चौहान ने भी भाजपा की प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने के साथ ही चुनाव में विजयी बनाने का काम देवभूमि की देवतुल्य जनता करेगी।