वीडियो ने खोला मौत का राज

0
8

डोबाल की सख्ती से दरिंदे सलाखों के पीछे
देहरादून। जनपद के पुलिस कप्तान यह देखकर दंग रह गये कि 21वीं सदी में भी दहेज लोभी लड़कियों का किस तरह से कत्ल कर रहे हैं क्योंकि डोईवाला इलाके में मात्र आठ माह पहले जिस घर में दुल्हन आई थी उस दुल्हन को दहेज के लिए जब उसके पति और ननद ने हैवानियत करके सताना शुरू किया तो उसके बाद इंतहा तब हो गई जब महिला के हत्या उसके पति और ननद ने मिलकर कर दी। इस दहेज हत्या से पर्दा एक वीडियो ने उठा दिया और उसके बाद हत्या के दोनो दरिंदों को पुलिस कप्तान ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। सवाल तैर रहे हैं कि दहेज के लोभी आज के इस युग में भी शैतान बनकर अपने घर में आने वाली दूसरे घर की बेटी को मौत की नींद सुलाने से भी नहीं डर रहे हैं। पुलिस कप्तान ने दहेज लोभियों को सलाखों के पीछे पहुंचाकर यह संदेश दे दिया है कि पुलिस उन्हें न्यायालय में कडी से कडी सजा दिलाने में पीछे नहीं हटेगी।
दहेज हत्या के संवेदनशील मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने तत्काल क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने त्वरित विवेचना के बाद शनिवार को दोनों आरोपियों को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। शिकायत में पति, सास और ननद पर गंभीर आरोप लगाए गए, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने इसकी विवेचना सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी और एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने कम समय में गवाहों के बयान दर्ज किए, घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए और तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को एक अहम वीडियो मिला, जिसे मृतका ने घटना से पहले अपनी मां को भेजा था। पुलिस के अनुसार, इस वीडियो में मृतका ने कथित रूप से शादी के बाद ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न का उल्लेख किया था। वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण करने के बाद पुलिस ने आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया। देहरादून पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में देहरादून पुलिस संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कानूनी कदम उठाया जाएगा।

LEAVE A REPLY