हत्या के गुनाहगारों के अवैध निर्माण ढहाए

0
5

बैरागीवाला छावनी में तब्दील
गुस्साई भीड़ ने कातिलों के घर में लगाई आग
विकासनगर। पचवादून के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में किसान की हत्या के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद क्षेत्र में जमकर हंगामा और उपद्रव हुआ। बेकाबू भीड़ ने घटना स्थल के समीप स्थित एक भूसे के गोदाम में आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ मोर्चा संभाला। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों द्वारा किए गए अवैध पक्के निर्माणों को जेसीबी मशीन की मदद से पूरी तरह जमींदोज कर दिया। वहीं गुस्साई भीड़ ने दो कातिलों के घरों में आग भी लगाई और उसके बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया।
कल हुई खूनी झड़प और किसान की मौत के बाद से ही गांव में सन्नाटा और तनाव पसरा हुआ था। दोपहर को अचानक आक्रोशित लोगों की भारी भीड़ घटना स्थल के पास जमा हो गई और उपद्रवियों ने एक गोदाम को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें और धुआं उठने लगा, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ जनपद के वरिष्ठ अधिकारी दंगा नियंत्रण वाहनों और मुस्तैद जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अमले ने कड़ा रुख अख्तियार किया। पुलिस की मौजूदगी में दो जेसीबी मशीनों को काम पर लगाया गया और आरोपियों द्वारा किए गए पक्के निर्माणों, दीवारों और शेड को ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर खड़ी कंक्रीट मिक्सर जैसी भारी मशीनरी को भी पलट दिया गया। इस दौरान वहां मौजूद सैकड़ों लोगों की भीड़ ने जमकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए माहौल बेहद संवेदनशील हो गया। हालांकि, तैनात पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए भीड़ को पीछे धकेला और स्थिति को बिगड़ने से बचाया।
क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बैरागीवाला की इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने स्थानीय जनता से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसान की हत्या के दोषियों और माहौल खराब करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक या सामाजिक पक्षपात के सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाए। फिलहाल बैरागीवाला और आसपास के संवेदनशील इलाकों को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एहतियातन गांव और संपर्क मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सोशल मीडिया समेत पूरे इलाके में भड़काऊ गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY