जय जय केदारा की गूँज से भक्तिमय हुआ हिमालय
रूद्रप्रयाग। हिमालय की गोद में बसे बाबा केदार के दर पर सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने बाबा के दर्शन किए। आज धाम पहुंचकर उन्होंने न केवल बाबा के दिव्य दर्शन किए, बल्कि अपनी विशेष पूजा-अर्चना के जरिए महादेव का आशीर्वाद भी लिया। बाबा केदारनाथ में बेहतर इंतजाम देखकर कैलाश खेर खूब गदगद हुये और उन्होंने कहा कि आपार भीड के बीच श्रद्धालुओं को सुगमता से बाबा के दर्शन कराना जिला और पुलिस प्रशासन की बडी कामयाबी है।
कैलाश खेर ने उच्च हिमालयी क्षेत्र की विषम परिस्थितियों के बीच श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा श्रद्धालुओं की इतनी भारी संख्या होने के बावजूद, जिस तरह से पूरी यात्रा सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रही है, वह वास्तव में काबिले तारीफ है। मंदिर परिसर में कैलाश खेर ने जब अपना लोकप्रिय भजन जय जय केदारा गुनगुनाया, तो पूरा वातावरण शिवमय हो गया। वहां मौजूद हजारों श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। उनके मंदिर पहुंचने पर जिला प्रशासन, केदार सभा और मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन की तत्परता को सराहा, जो दिन-रात यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए जुटे हुए हैं। दर्शन के बाद अपना अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा केदार की इस पावन नगरी में कदम रखते ही मन को एक अद्भुत शांति और नई ऊर्जा की अनुभूति होती है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन पुलिस और तीर्थ पुरोहितों का समन्वय इस यात्रा को सफल बना रहा है।
चारधाम यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह
देहरादून। चारधाम यात्रा को अलौकिक बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने खुद मोर्चा संभाल रखा है और उन्होंने सभी धामों में जहां सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर रखी है वहीं जिला व पुलिस प्रशासन को दो टूक संदेश दिया हुआ है कि सभी श्रद्धालुओं को सुगमता के साथ दर्शन करायें जायें। मुख्यमंत्री के आदेश पर बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में डीएम और पुलिस कप्तान खुद मोर्चा संभाले हुये हैं तथा श्रद्धालुओं के बीच जाकर उनसे खुद यात्रा का फीडबैक ले रहे हैं। श्रद्धालु चारधाम यात्रा में सरकार के बेहतर इंतजाम को देखते हुए खूब गदगद नजर आ रहे हैं और वह यह कहने से भी नहीं चूक रहे कि चारधाम यात्रा में आकर उन्हें अलौकिक भाव नजर आ रहा है। वहीं मुख्यमंत्री का कहना है कि चारधाम यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है और हर बार की तरह इस बार भी चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है और इस बार रिकार्डतोड श्रद्धालु चारधाम यात्रा में आयेंगे।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चारधाम यात्रा को लेकर काफी उत्साहित हैं क्योंकि उन्होंने चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जो इंतजाम किये हुये हैं उसे देखकर श्रद्धालु गदगद नजर आ रहे हैं। उत्तराखण्ड के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है जब चारधाम में जिले के डीएम और पुलिस कप्तान खुद मोर्चा संभाले हुये हैं तथा श्रद्धालुओं के बीच जाकर उन्हें सुगमता के साथ दर्शन कराने के लिए खुद आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह है, देशभर से सनातनी यहां आना चाहते हैं इसके अनुरूप सभी व्यवस्थायें की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सप्ताह में चारधाम यात्रा में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अब तक दर्शन कर लिये हैं और हमारा प्रयास है कि हर यात्रा अच्छा अनुभव लेकर जाये, हर बार श्रद्धालुओं की संख्या बडी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस बार यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पिछले सभी रिकार्ड तोड़ देगी।
