गांव की सरकार का इंतजार

0
166

देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखंड में हुए पंचायत चुनाव में बंपर वोटिंग होने के बाद से ही भाजपा की बांछे खिली हुई है कि जनादेश उसके पक्ष में होगा तो वहीं मुख्यमंत्री ने भी ताल ठोंकी हैै कि गांव की सरकार भाजपा ही बनायेगी और राज्य के अंदर ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी। सुबह से ही बारह जनपदों में मतगणना का काम ब्लॉक मुख्यालय में चल रहा है और वहां कड़ी सुरक्षा लगी हुई है। सबसे पहले ग्राम प्रधान के नतीजे सामने आने लगे तो जीत का स्वाद चखने वालों ने अपनों के बीच जश्न मनाया तो वहीं इस महत्वपूर्ण चुनाव में हार गये प्रत्याशियों की आंखों में आंसू भी छलके और वह कोपभवन में जाकर कैद हो गये। छोटी सरकार बनाने को सभी राजनीतिक दलों में धुक, धुक, धुक हो रही है और यह चुनाव परिणाम देर रात और कल तक सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी की इन चुनाव में किस राजनीतिक दल पर आवाम ने भरोसा किया है। छोटी सरकार जिस राजनीतिक दल की होगी उसका हौसला बुलंद होगा कि आवाम ने 2०27 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर अपना इरादा साफ कर दिया है कि वह अगली सरकार की चाबी किसके हाथों में देगा।
उत्तराखंड में हुए पंचायत चुनाव में राजनीतिक दलों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपना खूब दम दिखाया था और उन्हें विश्वास था कि चुनावी रणभूमि में उनकी जीत होगी। सुबह से ही ब्लॉक स्तर पर मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू होती गई और सभी राजनीतिक दलों से लेकर निर्दलीय प्रत्याशियों की नजरें मतगणना पर लगी हुई थी कि किसके सिर पर ताज सजेगा। सुबह से ग्राम सभा के नतीजे सामने आने लगे तो जीत का स्वाद चखने वालों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था तो वहीं चुनाव में हार का सामना करने वाले प्रत्याशियों के मन में जो एक बड़ी पीड़ा देखने को मिली उसकी तुलना करना असंभव ही नजर आया। वहीं यह चुनाव परिणाम देर रात या सुबह तक आयेंगें और उसके बाद ही तस्वीर साफ होगी की छोटी सरकार पर हुकुमत कौन करेगा। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पूर्ण विश्वास है कि गांव की सरकार भाजपा की ही बनेगी क्योंकि डबल इंजन सरकार के शासनकाल में जो विकास हुआ है उससे राज्यवासी गदगद है और जैसे जैसे चुनाव परिणाम सामने आ रहे है तो सभी राजनीतिक दलों में छोटी सरकार बनाने को धुक, धुक, धुक हो रही है।
वहीं पौड़ी की जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह के साथ विकासखंड खिर्सू एवं पौड़ी में बनाए गए मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर मतगणना की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) के माध्यम से मतगणना प्रक्रिया में लगे पर्यवेक्षकों एवं कार्मिकों की सतत निगरानी की जा रही है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिर्सू विकासखंड में मतदान आब्जर्वर के साथ मतगणना संबंधी चर्चा की तथा नोडल अधिकारी को मतगणना उपरांत मतपेटियों को व्यवस्थित ढंग से रखने को कहा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया और बताया कि जनपद के सभी मतगणना स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। केवल अधिकृत अभिकर्ताओं को ही सघन तलाशी के बाद परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
इस अवसर पर पौड़ी विकासखंड में जिलाधिकारी ने लॉगबुक चेक की तथा मतगणना के बाद लिफाफे सील करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने मतगणना के आंकड़ों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि टेबुलेशन की प्रक्रिया त्रुटि रहित ढंग से संपादित की जाय तथा संबंधित सीट पर अंतिम परिणाम आने के बाद परिणाम की घोषणा सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना स्थल पर भोजन, पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध हैं। उन्होंने स्ट्रांग रूम और सीसीटीवी मॉनिटरिंग कक्ष का भी निरीक्षण किया और कहा कि विद्युत आपूर्ति अबाधित रहे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना प्रक्रिया पूरी होने तक पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, प्रेक्षक खिर्सू अभिषेक रुहेला, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट, एएसपी अनूप काला, उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा, आरओ पौड़ी रोहित सिंह, आरओ खिर्सू परशुराम चमोली, खंड विकास अधिकारी पौड़ी सौरभ हांडा, खिर्सू हरेंद्र कोली सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के अन्य जिलों में भी समाचार लिखे जाने तक मतगणना चल रही थी और जीत का ताज पहनने वाले उम्मीदवार अपने साथियों के साथ वहीं पर गले लगकर एक दूसरे को बधाई दे रहे थे।

LEAVE A REPLY