देहरादून(नगर संवाददाता)। नव पर्वतीय विकास संस्था द्वारा चलाये जा रहे अभियान मेरा घर मेरी दुनियां के अंतर्गत चल रहे आन्दोलन को लेकर नव पर्वतीय विकास संस्था के अध्यक्ष व एडवोकेट विनोद कुमार ने कहा है कि मलिन बस्तियों को ध्वस्तीकरण से बचाने के लिए लड़ाई जारी रहेगी और आन्दोलन को तेज धार दी जायेगी। यहां परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मलिन बस्तियों को बचाने को लेकर आन्दोलन तेज किया जायेगा व आगामी दिनों में आन्दोलन को गति दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार से डरने वाले नहीं है, न ही हम पीछे हटने वाले है। उन्होंने कहा कि एक लाख पिचहत्तर हजार लोगों की उत्तराखण्ड की नागरिकता खत्म की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक लाख पिचहत्तर हजार लोगों का घर तोडा जा रहा है और इसके साथ ही उनका राशनकार्ड खत्म किया जा रहा है। उनका एससी, एसटी, ओबीसी प्रमाण पत्र रद्द किया जा रहा है व उनका आरक्षण समाप्त किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मलिन बस्तीवासियों का समूल नाश किया जा रहा है और जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार बिना योजना के मलिन बस्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण लागू करने जा रही है। उनका कहना है कि सरकार मलिन बस्तीवासियों को अपना आसान शिकार समझती है व अपनी तानाशाही मलिन बस्तीवासियो पर दिखा रही है। उन्होंने कहा कि जिसका पुरजोर तरीके से विरोध किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि सवाल मलिन बस्ती के युवाओं का है, और सवाल मलिन बस्ती के छात्रों का है, जिनका आरक्षण समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन गरीब मासूम बस्तीवासियों का है जिनका नेतृत्व करने वाला कोई नहीं है और जो नव पर्वतीय विकास संस्था में आशा की किरण देख रहे है। विनोद कुमार ने कहा कि आगामी दिनो में मलिन बस्तियों को बचाने को लेकर आन्दोलन की रणनीति बनाई जायेगी व आन्दोलन तेज किये जायेगें। उन्होंने कहा कि हम सरकार के आगे झुकने वाले नहीं, हम सरकार के आगे डरने वाले नहीं है और सरकार के आगे घुटने टेकने वाले नहीं, हम लडेगें। उन्होंने कहा कि नव पर्वतीय विकास संस्था को मलिन बस्तीवासियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है व उन्होंने कहा कि मलिन बस्तीवासियों द्वारा मेरा घर मेरी दुनियां अभियान को आत्मसात किया गया।
इस अवसर पर नव पर्वतीय विकास संस्था के प्रवक्ता विपिन खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार व विपक्षी पार्टी नव पर्वतीय विकास संस्था के आन्दोलन से तिलमिला गई है व भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस नव पर्वतीय विकास संस्था को मिल रही बस्तीवासियों के समर्थन से डर गई व दोनों दल भाजपा व कांग्रेस आन्दोलन को तोडने की साजिश करने का प्रयास कर रहे है और जिसे सफलता मिलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस दोनो दलो द्वारा मलिन बस्तीवासियों के साथ न्याय नहीं किया गया व दोनों पार्टियों के द्वारा कहा गया था कि मलिन बस्तियों का नियमितिकरण किया जायेगा पर दोनों पार्टियों की बातें हवा-हवाई हो रही है ओर दोनो दलों द्वारा मलिन बस्तियों के साथ धोखा किया गया है जिसे सहन नहीं किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि नव पर्वतीय विकास संस्था का मलिन बस्तियों को बचाने को लेकर आन्दोलन जारी रहेगा व आन्दोलन को धार दी जायेगी। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों को बचाने को लेकर लडाई जारी रहेगी और इसके लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जायेगा। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में हरीश सिसौदिया, फारूख अहमद, वसीम राव अली, अनिल खजवाल, प्रवेश गौतम, इंतजार मलिक, मधु गहलौत, सतीश आजाद, मनोज कुमार, आर्यन प्रधान आदि उपस्थित रहे।

